Ranchi: दो दिनों तक दिल्ली में चले नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन-2026 के जरीए झारखंड ने देश के औद्योगिक मानचित्र पर अपनी एक नई और शक्तिशाली पहचान स्थापित कर ली है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम महज एक निवेश बैठक नहीं, बल्कि राज्य की भविष्य की कार्ययोजना का ब्लूप्रिंट बनकर उभरा है. इस आयोजन ने न केवल निवेशकों के भरोसे को मजबूती दी, बल्कि झारखंड के विकास को लेकर एक स्पष्ट संदेश भी दिया है.
घड़ा बूंद-बूंद करके ही भरेगा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि मेरा मानना है कि झारखंड की मौजूदा स्थिति और निर्भरता को लेकर हमने इस कहानी में एक नया अध्याय जोड़ा है. इसके नतीजे जल्द ही दिखने लगें, इसके लिए काम किया जाएगा. सरकार पूरी तरह से राज्य के हितों और जनता की उम्मीदों को ध्यान में रखकर काम करती है. यह घड़े में एक बूंद की तरह है; घड़ा बूंद-बूंद करके ही भरेगा यह एक ऐसा राज्य है जो खुद कई मुश्किलों का सामना करते हुए भी पूरे देश का पेट भरता रहा है.

बदलाव की नई इबारत
इस कंसल्टेशन का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण संदेश राज्य की बदली हुई प्रशासनिक और आर्थिक सोच है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया कि झारखंड अब अपनी पहचान केवल खनिज संपदा (माइंस) तक सीमित नहीं रखेगा, बल्कि अब राज्य की विकास यात्रा ‘माइंड्स’ (नवाचार, कौशल और तकनीक) की ओर बढ़ेगी. यह संदेश इस बात का द्योतक है कि सरकार अब केवल जमीन के नीचे छिपी संपदा के दोहन पर नहीं, बल्कि राज्य के युवाओं की मेधा और तकनीकी क्षमता के विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है.
निवेश की नई संस्कृति
मुख्यमंत्री का यह संदेश कि “घड़ा बूंद-बूंद करके ही भरेगा,” राज्य की विकास प्रक्रिया के प्रति उनकी व्यावहारिक सोच को दर्शाता है. 99,639 करोड़ रुपये के निवेश समझौते और 14 बड़े औद्योगिक करार इस बात का प्रमाण हैं कि झारखंड अब लंबी अवधि की साझेदारी के लिए तैयार है. यह आयोजन यह संदेश दे गया कि झारखंड में अब न केवल निवेश के लिए अनुकूल माहौल है, बल्कि नीतिगत सरलीकरण के माध्यम से निवेशकों की राह को भी आसान बनाया गया है.
सामाजिक न्याय और औद्योगिक विकास का संतुलन
इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता इसका समावेशी दृष्टिकोण रहा. मुख्यमंत्री ने जियाडा के नियमों में संशोधन कर आदिवासी समूहों के लिए आरक्षण को 25 फीसदी से बढ़ाकर 50 फीसदी करने का जो विजन रखा, वह यह संदेश देता है कि झारखंड का विकास किसी एक वर्ग के लिए नहीं, बल्कि समाज के हर तबके को साथ लेकर चलने वाला होगा। यह पहल औद्योगिक विकास और सामाजिक न्याय के बीच एक बेहतरीन सामंजस्य स्थापित करती है, जो राज्य के स्थायी विकास के लिए अनिवार्य है.
पॉलिसी’ नहीं, पॉसिबिलिटी पर जोर
प्रशासनिक अधिकारियों और उद्योग जगत को दिया गया यह संदेशकि सिर्फ पॉलिसी (नीति) ही नहीं, पॉसिबिलिटी (संभावना) भी पैदा करें, झारखंड के नए प्रशासनिक ढांचे का मूल मंत्र बन गया है. सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि अब फाइलों में दबी योजनाएं नहीं, बल्कि धरातल पर दिखती उपलब्धियां ही राज्य की असली पहचान होंगी. टेक्सटाइल उद्योग के माध्यम से 70,000 युवाओं को रोजगार देने का संकल्प यह बताता है कि सरकार अब ‘रिजल्ट-ओरिएंटेड’ कार्य संस्कृति को अपना चुकी है.
भविष्य का खाका और वैश्विक आकांक्षाएं
ऊर्जा क्षेत्र में नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यटन में स्पोर्ट्स टूरिज्म और साइकिल निर्माण के हब के रूप में झारखंड को स्थापित करने के प्रयास यह संदेश देते हैं कि राज्य अब वैश्विक मानकों के साथ प्रतिस्पर्धा करने को तैयार है. सिंगापुर के साथ हुई रणनीतिक साझेदारी और गूगल क्लाउड व टाटा मोटर्स जैसे दिग्गजों के साथ हुए करार यह स्पष्ट करते हैं कि झारखंड अब अपनी सीमाओं से बाहर निकलकर वैश्विक स्तर पर निवेश और नवाचार का केंद्र बन रहा है.
ALSO READ: IND VS ENG: लकी मैदान पर नहीं चला टीम इंडिया का बल्ला, 27 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा


