Ranchi: झारखंड में शराब और गुटखा पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है. झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू करने और गुटखा समेत सभी हानिकारक तंबाकू उत्पादों की बिक्री, भंडारण और सेवन पर सख्त प्रतिबंध लगाने की मांग की है. सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने अपने पत्र में कहा है कि शराब और गुटखे की लत की वजह से कई परिवार आर्थिक तंगी, घरेलू कलह और मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं. इसके साथ ही सड़क हादसों, अपराध और गंभीर बीमारियों के मामलों में भी बढ़ोतरी हो रही है. उनका कहना है कि अगर सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाती है तो इससे लाखों परिवारों का जीवन बेहतर होगा और राज्य में लोगों का स्वास्थ्य भी सुधरेगा. पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का भी जिक्र किया गया है. सम्मेलन ने कहा है कि शिबू सोरेन ने हमेशा नशामुक्त समाज की बात की और लोगों को इसके लिए जागरूक किया. ऐसे में यदि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड में पूर्ण शराबबंदी और गुटखा प्रतिबंध लागू होता है, तो यह उनके पिता के सपने को आगे बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि भी होगी.



