Ranchi: राजधानी रांची में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में आज तीन विकास योजनाओं की शुरुआत की गई. रांची नगर निगम की ओर से आयोजित कार्यक्रम में महापौर रोशनी खलखो और रांची विधायक सीपी सिंह ने संयुक्त रूप से विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास किया.
इन योजनाओं का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना, जलनिकासी की समस्या दूर करना और सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक स्वरूप देना है.


सड़क निर्माण से मिलेगा आवागमन में राहत
नगर निगम द्वारा वार्ड संख्या 19 में कचहरी रोड से करमटोली रोड तक डिप्टी पाड़ा रोड पर बिटूमिनस सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया गया है. इससे स्थानीय लोगों को जर्जर सड़क और आवागमन की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है.
पार्क का होगा सौंदर्यीकरण
वहीं वार्ड संख्या 18 स्थित सुभाषचंद्र बोस मूर्ति स्थल पार्क के मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य की भी शुरुआत हुई. पार्क को नया स्वरूप देने के साथ वहां नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की योजना है, ताकि लोगों को स्वच्छ और आकर्षक सार्वजनिक स्थल मिल सके.
नाली निर्माण से जलजमाव की समस्या होगी कम
इसके अलावा लोहरकोचा, लालपुर क्षेत्र में न्यू कायनात गर्ल्स हॉस्टल से हजारीबाग रोड तक RCC नाली निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया. इस परियोजना से बरसात के दिनों में जलजमाव की समस्या कम होने की संभावना जताई जा रही है.
