Ranchi: शुक्रवार दोपहर आई तेज आंधी के कारण रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है. आंधी की वजह से रांची-मुरी डाउन रेलवे लाइन पर एक विशाल सखुआ का पेड़ गिर गया, जिससे इस मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया. पेड़ गिरने की इस घटना के कारण कई प्रमुख यात्री ट्रेनों को बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा. जानकारी के अनुसार, प्रभावित होने वाली ट्रेनों में मुख्य रूप से रांची-नई दिल्ली गरीब रथ, मौर्य एक्सप्रेस, धनबाद इंटरसिटी और साप्ताहिक गोरखपुर एक्सप्रेस शामिल हैं. सुरक्षा कारणों और मार्ग अवरुद्ध होने के चलते इन ट्रेनों को एहतियात के तौर पर खेरवाकोचा, गंगाघाट, नामकुम और टाटीसिलवे रेलवे स्टेशनों पर खड़ी कर दी गयी है. ट्रैक बाधित होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. रेलवे प्रशासन द्वारा ट्रैक से पेड़ को हटाकर परिचालन को जल्द से जल्द सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें : सुजलाम झारखंड 2026: पानी बचाने की मुहिम में एक साथ आए किसान, वैज्ञानिक, सरकार और उद्योग जगत

