Palamu: पुलिस को आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने चैनपुर, पाटन और शहर थाना क्षेत्र के करीब आधा दर्जन मामलों में वांछित चल रहे शातिर अपराधी राजा कुमार उर्फ राजा चंद्रवंशी उर्फ कक को गिरफ्तार कर लिया है. वह काफी समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ माननीय न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था. इसकी गिरफ्तारी से पुलिस ने कई लंबित मामलों का उद्भेदन किया है.

अपहरण मामले में हुई कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चैनपुर थाना क्षेत्र के सेमरटांड़ की एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपहरण करने का आरोप लगाते हुए लिखित आवेदन दिया था. इस शिकायत के आधार पर चैनपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था, जिसमें राजा कुमार मुख्य अभियुक्त था. इसी मामले में अनुसंधान और छापेमारी करते हुए पुलिस ने आरोपी राजा कुमार को विधिवत गिरफ्तार कर लिया. कानूनन पीड़ित नाबालिग की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी गई है.
कई संगीन मामलों में दर्ज हैं केस
गिरफ्तार अभियुक्त राजा कुमार एक शातिर अपराधी है. इसके पकड़े जाने से पलामू के अलग-अलग थानों में दर्ज करीब आधा दर्जन से अधिक संगीन मामलों का खुलासा हुआ है. आरोपी पर चैनपुर थाना में अपहरण, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल पांच मामले दर्ज हैं. इसके अलावा पाटन थाना में वर्ष 2022 में दर्ज लूट व मारपीट का मामला और शहर थाना में वर्ष 2026 में आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामला भी शामिल है.
