Koderma: जिले के तिलैया थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किया गया सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद कर लिया है. गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया गया है.

क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, चतरा जिले के मयुरहंड थाना क्षेत्र के मखरौल निवासी संत कुमार सिंह (50 वर्ष, पिता- महेश सिंह) ने तिलैया थाने में एक आवेदन दिया था. आवेदन में बताया गया था कि दिनांक 12 मई 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे अज्ञात चोरों द्वारा उनका मोबाइल चोरी कर लिया गया था. इस शिकायत के आधार पर तिलैया थाना में कांड संख्या- 161/26, दिनांक- 20.05.26, धारा- 303(2) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था. चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए कोडरमा पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया. इस टीम का नेतृत्व तिलैया थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक विनय कुमार कर रहे थे.
ALSO READ: सिमडेगा: विशाल सनातनी समागम सम्मेलन में संस्कृति संरक्षण और सामाजिक एकजुटता पर जोर
तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी गिरफ्तार
गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की. इस दौरान मामले के अप्राथमिकी अभियुक्त रौशन कुमार को धर-दबोचा गया. अभियुक्त का विवरण: रौशन कुमार (उम्र करीब 29 वर्ष), पिता- विजय रावत, निवासी- ग्राम+थाना हिसुआ, जिला- नवादा (बिहार). पुलिस की पूछताछ में आरोपी रौशन कुमार ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में चोरी/छिनतई किया गया काले रंग का सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्ती सूची बनाकर जप्त कर लिया है.


