Saraikela: दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की उपस्थिति में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण एवं परिवहन पर रोकथाम की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए.
खनन नियमों की जानकारी सभी अधिकारियों तक पहुंचाने का निर्देश
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथि ने झारखंड मिनरल्स नियमावली एवं जेएमएमसी नियमावली में हुए संशोधनों की जानकारी दी. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पिछली बैठक में अनुपस्थित रहे अधिकारियों को ऑनलाइन माध्यम से नियमों में हुए बदलावों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाए.

खन पट्टा क्षेत्रों और ईंट भट्टों की मैपिंग पूरी
जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी खन पट्टा क्षेत्रों एवं ईंट भट्टों की मैपिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है. इस पर उपायुक्त ने स्टोन क्रशरों एवं डीलर लाइसेंसधारियों को भी मैपिंग प्रक्रिया में शामिल करने तथा सभी प्रखंडों की स्पष्ट सीमा का प्रदर्शन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बालू घाट संचालन और परिवहन व्यवस्था पर विशेष निगरानी
उपायुक्त ने कहा कि जिन बालू घाटों की नीलामी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनके संचालन के लिए ग्राम सभा की स्वीकृति जल्द से जल्द प्राप्त की जाए. साथ ही पाटा टोल प्लाजा से लंबित वीडियो फुटेज उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए. जिला परिवहन पदाधिकारी एवं जिला खनन पदाधिकारी को खनिज परिवहन में लगे वाहनों की नियमित जांच करने, वाहनों को तिरपाल से ढंकना अनिवार्य कराने तथा मासिक निरीक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया. वहीं, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को शेष ईंट भट्टों का निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया.
Read Also: पलामू गोलीकांड का खुलासा, ठेकेदार पर फायरिंग करने वाला भतीजा हुआ गिरफ्तार
NGT अवधि में अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की प्रतिबंध अवधि के दौरान नदी तल से किसी भी प्रकार का अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने बालू के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित और संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी, होंगे संयुक्त छापे
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी बढ़ाने, सूचना तंत्र को मजबूत करने तथा प्रशासन और पुलिस की संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने पर जोर दिया. उन्होंने अवैध खनन और खनिज परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बैठक में कई अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल, जिले के सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि सहित जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स के सदस्य एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.


