Palamu: मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में ठेकेदार संजय तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी पर गोली चलाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मुख्य आरोपी और घायल ठेकेदार के सगे भतीजे प्रीतम तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं. पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि 20 जून को मेदिनीनगर के जीएलए कॉलेज गेट के पास स्थित अष्टभुजी मंदिर के सामने यह घटना हुई थी. करीब 50 वर्षीय संजय तिवारी पर उनके भतीजे प्रीतम तिवारी ने जान से मारने की नीयत से गोली चला दी थी. घटना में घायल संजय तिवारी को तत्काल इलाज के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
22.5 डिसमिल जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच करीब 22.5 डिसमिल जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. पुलिस के अनुसार इसी विवाद के प्रतिशोध में आरोपी ने अपने चाचा पर फायरिंग की थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था. टीम लगातार विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर आरोपी की तलाश कर रही थी.

चियांकी हवाई अड्डा के पास से हुई गिरफ्तारी
एसआईटी ने रांची रोड स्थित चियांकी हवाई अड्डा के पास से आरोपी प्रीतम तिवारी को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्टल और 7.65 एमएम की तीन जिंदा कारतूस बरामद की गईं. इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव, शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार, चंद्रशेखर यादव, संतोष कुमार गुप्ता, अनिल कुमार यादव, श्रीराम, संदीप राम, आरक्षी नंदलाल पटेल तथा शहर थाना के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
ALSO READ : गिरिडीह में विकास योजनाओं की समीक्षा, DC ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


