हीना बीबी को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर आजसू का कैंडल मार्च, उच्चस्तरीय जांच की उठी मांग

Bokaro: खालिद अंसारी मामले में इंसाफ की मांग को लेकर बुधवार को अलकुशा गांव में आजसू पार्टी की ओर से कैंडल मार्च...

Bokaro: खालिद अंसारी मामले में इंसाफ की मांग को लेकर बुधवार को अलकुशा गांव में आजसू पार्टी की ओर से कैंडल मार्च निकाला गया. यह मार्च बोदरो मोड़ से शुरू होकर अलकुशा मोड़ स्थित निर्मल चौक तक जुलूस की शक्ल में पहुंचा, जहां बाद में सभा आयोजित की गई. कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और आजसू कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया तथा हीना बीबी को न्याय दिलाने की मांग उठाई.

चार साल से इंसाफ के लिए भटक रही है हीना बीबी

सभा को संबोधित करते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष बबीता कुमारी ने कहा कि हीना बीबी पिछले चार वर्षों से इंसाफ के लिए दर-दर भटक रही है. पहले उनके पति के लापता होने का मामला सामने आया और अब कब्रिस्तान से कथित नरकंकाल मिलने के बाद भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है. उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन केवल खानापूर्ति कर रहा है. बरामद कंकाल वास्तव में खालिद अंसारी का है या नहीं, इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए.

इंसाफ के लिए हर लड़ाई लड़ेगी आजसू

आजसू की वरीय नेत्री रजनी रवानी ने कहा कि हीना बीबी को न्याय दिलाने के लिए पार्टी हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी. उन्होंने कहा कि पुलिस चार साल से लापता खालिद अंसारी को मृत बताकर मामले को खत्म करने की कोशिश कर रही है, जबकि मृतक की पत्नी खुद जांच से संतुष्ट नहीं है. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर आजसू पार्टी न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाएगी. कहा कि इससे पहले छात्रा पुष्पा महतो लापता कांड में भी बाद में हत्या का मामला सामने आया था. यदि पुलिस ईमानदारी से जांच करे तो इस मामले की भी पूरी सच्चाई सामने आ सकती है.

ALSO READ: पलामू पुलिस द्वारा पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन गिरफ्तार, 22 मवेशी बरामद

पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है आजसू

आजसू जिलाध्यक्ष सचिन महतो ने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ हीना बीबी और उनके दो बच्चों के साथ खड़ी है. इंसाफ की इस लड़ाई में हर संभव सहयोग किया जाएगा. कार्यक्रम में दुर्गा चरण महतो, गायत्री देवी, ज्योतिलाल महतो, सुशैन रजवार, मुखिया रोहित रजक, उपमुखिया प्रतिनिधि लखिंदर, सदर मोफिजुद्दीन, आताब, नवी हुसैन, परवेज, काशिम साई, हाकिम साई, आदरी देवी, मिथिलेश महतो, युधिष्ठिर हाजरा समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *