रामनवमी के जश्न के बीच हजारीबाग में दरिंदगी, मासूम से दुष्कर्म के बाद हत्या पर बीजेपी ने सरकार पर साधा निशाना

रांची: जहां एक ओर पूरा देश मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव की खुशियों में सराबोर था, वहीं झारखंड के हजारीबाग जिले...

रांची: जहां एक ओर पूरा देश मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव की खुशियों में सराबोर था, वहीं झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ (कुसुंबा) से मानवता को शर्मसार कर देने वाली दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. एक मासूम बच्ची के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस जघन्य अपराध ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है और लोगों में भारी आक्रोश है.

इस घटना को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने इसे बेहद भयानक और दिल दहला देने वाली घटना बताते हुए कहा कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा, यहां तक कि फांसी दी जानी चाहिए.

रांची में प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि वे स्वयं पीड़ित गांव का दौरा कर चुके हैं. वहां लोगों से मिली जानकारी को उन्होंने बेहद दुखद और चिंताजनक बताया. उन्होंने कहा कि 12 वर्षीय गरीब मजदूर की बेटी के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई.

श्री साहू ने इस घटना को लेकर पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई और पीड़ित परिवार को समय पर सहायता नहीं मिल पाई. यहां तक कि बच्ची के पिता को घर लाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार उन्हें रोकने में विफल रही है.

भाजपा ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो 29 मार्च को हजारीबाग में मशाल जुलूस निकाला जाएगा और 30 मार्च को हजारीबाग बंद किया जा सकता है. इसके अलावा पूरे राज्य में भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा.

श्री साहू ने मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों को कड़ी सजा देने की बात कही. साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है. उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, सुरक्षा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग की.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *