बोकारो थर्मल में इंसानियत की मिसाल, बेसहारा महिला को मिला घर जैसा सहारा

Bermo: बोकारो थर्मल-नरकी मुख्य मार्ग पर कुसुमडीह के समीप रविवार सुबह करीब 35 वर्षीय एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला असहाय हालत...

Bermo: बोकारो थर्मल-नरकी मुख्य मार्ग पर कुसुमडीह के समीप रविवार सुबह करीब 35 वर्षीय एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला असहाय हालत में सड़क किनारे पड़ी मिली. महिला की स्थिति देखकर लोग वहां से गुजरते रहे, लेकिन किसी ने मदद के लिए कदम नहीं बढ़ाया. इसी दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले राजेश सागर और सूरज कुमार सिंह की नजर महिला पर पड़ी और उन्होंने उसकी मदद करने का फैसला किया.

कपड़े पहनाकर पहुंचाया थाना

महिला की हालत देखकर दोनों ने अरमो निवासी गोविंद यादव के सहयोग से कुसुमडीह की एक आदिवासी महिला से कपड़े मंगवाए और महिला को पहनाया. इसके बाद उसे सम्मानपूर्वक ऑटो से बोकारो थर्मल थाना पहुंचाया गया. पुलिस ने मामले की जानकारी गोमिया स्थित असहाय एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ महिलाओं के लिए काम करने वाली संस्था माहेर और कांग्रेस नेत्री सुषमा कुमारी को दी.

बेड की कमी बनी बाधा

महिला को संस्था में रखने के दौरान बेड और जगह की कमी सामने आई. संस्था के राजेश कुजूर ने जगह के अभाव में महिला को तत्काल रखने में असमर्थता जताई. इसके बाद सुषमा कुमारी की पहल पर गोमिया प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष सह समाजसेवी पंकज पांडेय उर्फ टिल्लू पांडेय ने संस्था के लिए नया बेड उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी ली.

पुलिस टीम ने संस्था में कराया भर्ती

बेड की व्यवस्था होने के बाद बोकारो थर्मल थाना के सअनि पंकज कुमार भारद्वाज, सअनि भगवान कामथ, हवलदार और महिला पुलिसकर्मी खुशबू की टीम महिला को सुरक्षित गोमिया स्थित माहेर संस्था लेकर पहुंची. संस्था ने महिला को भर्ती कर लिया.
महिला हिंदी, अंग्रेजी और स्थानीय भाषा में बातचीत कर रही है. उसने अपना नाम संत डोमनिका बताया है. हालांकि, उसके परिजनों और घर के बारे में फिलहाल स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है. अपनों से बिछड़ी इस महिला को संवेदनशील लोगों की पहल से सुरक्षित छत और देखभाल का सहारा मिल गया है. घटना ने यह संदेश भी दिया है कि थोड़ी सी संवेदनशीलता किसी बेसहारा व्यक्ति की जिंदगी बदल सकती है.
ALSO READ: हजारीबाग: चौपारण में रहकर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता की उड़ान, संजीवनी का बीटेक में चयन

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *