Gumla: जिले के रायडीह थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की योजना बना रहे छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. मामले को लेकर रायडीह थाना कांड संख्या 21/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है.

गुप्त सूचना पर पुलिस ने बनाई विशेष टीम
जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रायडीह थाना क्षेत्र के जगमाई गांव स्थित देवलाल खड़िया के घर के पीछे कुछ लोग एकत्र होकर डकैती की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही रायडीह थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया.
घेराबंदी कर अपराधियों को दबोचा गया
पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी करते हुए छापेमारी की. इस दौरान मौके से संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों को पकड़कर पूछताछ की गई. पूछताछ में सभी की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं तथा उन्होंने अपराध की योजना बनाने की बात स्वीकार की.
Also Read: गुमला: संदिग्ध परिस्थिति में 19 साल के युवक की मौत, शरीर पर मिले जलने के निशान
तलाशी में हथियार और मोबाइल बरामद
तलाशी के दौरान अनिल साहु के पास से एक देशी कट्टा और उसमें लोड एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया. वहीं रीतेश दास के पास से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा वर्मी सिंह के पास से एक आईटेल कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया.
छह आरोपियों को भेजा गया जेल
गिरफ्तार आरोपियों में जगमाई निवासी वर्मी सिंह, देवलाल खड़िया, कुलबुंडा निवासी रीतेश दास, पालकोट थाना क्षेत्र के कुलबीर निवासी अनिल साहु सहित कुल छह लोग शामिल हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
छापेमारी दल में थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव, पु०अ०नि० विनय कुमार साह, भा०अ०नि० धनंजय सिंह एवं रायडीह थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
