Ranchi: चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय पर हुए हमले के मामले में आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने अपनी जांच की रफ्तार तेज कर दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एटीएस की एक विशेष टीम सोमवार घटनास्थल आरएसएस कार्यालय पहुंची. जांच एजेंसी इस पूरे मामले को आतंकी एंगल से जोड़कर देख रही है, जिसके चलते घटना की नए सिरे से तफ्तीश शुरू की गई है.
स्पॉट विजिट और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम:
मिली जानकारी के मुताबिक, एटीएस के कई आला अधिकारी और भारी संख्या में जवान आरएसएस दफ्तर पहुंचे. टीम ने सबसे पहले घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके साथ ही, दफ्तर और उसके आसपास के इलाकों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है. एटीएस के डिजिटल फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स इन फुटेज को खंगाल रहे हैं ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके.

संभावित रूटों की मैपिंग:
जांच के दौरान एटीएस का मुख्य फोकस इस बात पर है कि हमलावर किस रास्ते से आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद किस तरफ भागे. संदिग्धों के आने-जाने वाले सभी संभावित रास्तों की मैपिंग की जा रही है. स्थानीय लोगों और दफ्तर के सुरक्षाकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के समय की हर छोटी-बड़ी गतिविधि का पता लगाया जा सके.


