Saraikela: जिला खनन कार्यालय की ओर से जिले के तीन प्रमुख बालू घाटों की ई-नीलामी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. इस नीलामी के माध्यम से विभाग को उम्मीद से दोगुना से भी अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है. तीनों घाटों का कुल निर्धारित रिजर्व प्राइस 2.81 करोड़ रुपये था वहीं इसके मुकाबले कुल 5.82 करोड़ रुपये से अधिक की रिकॉर्ड तोड़ बोली लगाई गई. इस नीलामी प्रक्रिया में विभिन्न कंपनियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
इन तीन घाटों की हुई नीलामी
- बालीडीह (राजनगर) घाट: इस घाट का आरक्षित मूल्य 62.33 लाख रुपये निर्धारित था. नीलामी में एसजी प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने सबसे ऊंची बोली लगाते हुए 1 करोड़ 43 लाख 37 हजार 350 रुपये में यह घाट हासिल किया.
- सरजमडीह घाट: इस घाट का रिजर्व प्राइस 60.95 लाख रुपये था. इसे कोरन कंस्ट्रक्शन एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड ने 1 करोड़ 46 लाख 20 हजार 367 रुपये की बोली लगाकर अपने नाम किया.
- यादूडीह घाट: इस घाट का आरक्षित मूल्य सर्वाधिक 1 करोड़ 58 लाख 27 हजार 651 रुपये था. नीलामी में इस घाट के लिए सबसे कड़ी प्रतिस्पर्धा देखी गई और सबसे अधिक बोली लगी. एसजी प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने 2 करोड़ 92 लाख 81 हजार 162 रुपये की भारी-भरकम बोली लगाकर इसे अपने नाम किया.
Read Also: पलामू में नशा मुक्त अभियान को लेकर शिक्षकों का प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित

जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपति ने बताया कि नीलामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सफल बोलीदाताओं को नियमानुसार पर्यावरणीय स्वीकृति और अन्य कागजी प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी. इन सभी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद ही उन्हें घाटों का संचालन सौंपा जाएगा.
