Gumla: बिशुनपुर थाना क्षेत्र के लापू गांव निवासी रोशन भगत (22) की सांप के डसने से सदर अस्पताल गुमला में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची. मृतक के पिता मुनेश्वर भगत ने बताया कि गर्मी के कारण गांव के कुछ युवक मध्य विद्यालय परिसर में जाकर रात में सोते थे. बुधवार रात करीब 10 बजे रोशन भगत घर से खाना खाकर स्कूल में सोने के लिए निकला था.
रास्ते में जहरीले सांप ने डसा
स्कूल जाने के दौरान रास्ते में किसी जहरीले सांप ने उसके पैर में डस लिया. सांप के डसने के बाद उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया.रोशन भगत को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिशुनपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गुरुवार को सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया.

इलाज के दौरान हुई मौत
सदर अस्पताल गुमला में इलाज के दौरान रोशन भगत की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है.
ALSO READ : निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम और जागरूकता प्रसारण के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण
