Ajay Dyal
Ranchi: राजधानी में ऑटो-टोटो ने ट्रैफिक व्यवस्था को बिगाड़ कर रख दिया है. राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गयी है. राजधानी का कोई भी सड़क हो हर सड़क पर ऑटो-टोटो का कब्जा है.जिसके कारण दो पहिया, चार पहिया चालक को हमेशा परेशानियों का सामना करना पड़ता है. राजधानी की सड़कों में जाम का यह आलम है कि जहां जाने में 10 मिनट लगता था, वहां अब 20 से 25 मिनट का समय लग रहा है.

परमिट 5 हजार, चल रहा 20 हजार ऑटो
वतर्मान में राजधानी में लगभग पांच हजार ऑटो को परमिट है, लेकिन सड़क पर बीस हजार ऑटो दौड़ रहे हैं. 15 हजार के ऑटो के पास परमिट तो नहीं अन्य भी कई कागजात नहीं हैं. आधे से अधिक ऑटो चालकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं है. लेकिन ट्रैफिक पुलिस के अनदेखी के कारण राजधानी के अधिकतर सड़के जाम रहती हैं. राजधानी में जगन्नाथपुर, डोरंडा, चुटिया, डेलीमार्केट, लालपुर, गोंदा, पंडरा, खेलगांव आठ ट्रैफिक थाना है. अधिकतर ट्रैफिक थाना में अवैध तरीके से चलने वाले ऑटो चढ़ावा चढ़ा कर आराम से ऑटो का परिचालन करते हैं. रांची जिला ऑटो चालक एसोसिएशन ने गोंदा ट्रैफिक थाना के अवैध वसूली के खिलाफ आंदोलन भी किया गया था. उसके बाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आयी थी, उस समय से कुछ सुधार हुआ था, लेकिन फिर से वहीं स्थिति बरकरार है.
Read Also: हजारीबाग: चरही के असली ‘थानेदार’ हैं नन्हे हनुमान, घाटी को “फूलों की घाटी” बनाने की तैयारी

राजधानी में सात हजार टोटो ने हर रोड में कर रखा है कब्जा
राजधानी में वर्तमान में सात हजार टोटो(ई-रिक्शा) ने कब्जा कर रखा है. मुख्य सड़क हो या बाइलेन हर सड़क पर टोटो का कब्जा है. राजधानी के हर सड़क पर बेतरतीब ढ़ंग से चलने के कारण सड़क पर चलने वाले दो-चार पहिया वाहनों को परेशानी होती है, क्योंकि टोटो(ई-रिक्शा) वालों के पास खोने के लिए कुछ नहीं होता, लेकिन दो पहिया व चार पहिया में उनसे धक्का लग गया तो उन्हें हजारों का चपत लग जाता है. धक्का लग जाने के बाद टोटो(ई-रिक्शा) वाले अपने को निरीह प्राणी की तरह पेश करते हैं, कहते हैं हम गरीब लोग हर्जाना कहां से दे पायेंगे. लेकिन सड़क पर बेतरतीब तरीके से चलते हैं. सड़क पर टोटो(ई-रिक्शा) ने आतंक मचा रखा है. इसमें अधिकतर तो नाबालिग चालक भी होते हैं, जिनके पास लाइसेंस भी नहीं होता. ट्रैफिक पुलिस के चढ़ावा के कारण वे लोग राजधानी के सड़कों पर आराम से दौड़ रहे हैं.
Read Also: BREAKING : टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मी ने पत्नी और दो बच्चों को कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट
क्या कहते हैं ट्रैफिक डीएसपी
ट्रैफिक डीएसपी प्रमोद केसरी के अनुसार ऑटो-टोटो पर लगातार कार्रवाई चल रही है. ओवरलोड तथा बिना परमिट वाले ऑटो-टोटो पर जुर्माना भी लगाया जा रहा है और जब्त कर कोर्ट भी भेजा जा रहा है.
