Lohardaga: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल क्रियान्वयन एवं मतदाताओं के बीच व्यापक जनजागरूकता के उद्देश्य से आज उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना ने समाहरणालय परिसर, लोहरदगा से निर्वाचन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
पात्र मतदाता तक जानकारी पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान प्रत्येक पात्र मतदाता तक आवश्यक जानकारी पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि यह जागरूकता रथ जिले के सभी संबंधित प्रखंडों की पंचायतों तथा नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में भ्रमण कर नागरिकों को विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, गणना प्रपत्र भरने, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी उपलब्ध कराएगा. उन्होंने आमजन से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा समय पर अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को उपलब्ध कराने की अपील की.

हस्ताक्षर अभियान
इस अवसर पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर हस्ताक्षर अभियान का भी आयोजन किया गया. अभियान में उपायुक्त सहित समाहरणालय के वरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हस्ताक्षर कर मतदाता जागरूकता एवं शत-प्रतिशत जनभागीदारी का संदेश दिया.
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदाता सूची के सत्यापन एवं अद्यतन कार्य में सहयोग करने की अपील की. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, पीडी आइटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, अनुमण्डल पदाधिकारी अमित कुमार समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में कांग्रेस का सदस्यता अभियान तेज, 23 महिलाओं ने थामा पार्टी का दामन


