Koderma: विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर डोमचांच प्रखंड के लक्ष्मीपुर धरगांव में सवेरा फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित भव्य साइकिल रैली में गांव की किशोरियों, युवतियों और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया.

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता उपस्थित रहीं. उनके साथ समाजसेवी भगीरथ सिंह, मुखिया प्रतिनिधि विनय यादव, जिला युवा कार्यक्रम पदाधिकारी तथा सवेरा फाउंडेशन के संचालक गिरीश सिंह भी मौजूद रहे. कार्यक्रम का शुभारंभ किशोरी बच्चियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुआ.
साइकिल सस्ता, सुलभ ऑर प्रभावी साधन
इसके बाद शालिनी गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया. रैली में शामिल बच्चियों और युवतियों के हाथों में जागरूकता संदेश लिए प्रतिभागियों ने गांव की गलियों और प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए लोगों को साइकिल के महत्व से अवगत कराया. मौके पर शालिनी गुप्ता ने कहा कि बढ़ती डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों ने आम लोगों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ बढ़ा दिया है. ऐसे समय में साइकिल एक सस्ता, सुलभ और प्रभावी साधन बनकर उभर रही है.
प्रदूषण मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण
उन्होंने कहा कि साइकिल का नियमित उपयोग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने लोगों से अपने दैनिक जीवन में अधिकाधिक साइकिल का उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यह न केवल आर्थिक बचत का माध्यम है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक सार्थक कदम है. सवेरा फाउंडेशन के सदस्यों ने लोगों को साइकिल के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम के सफल आयोजन में सवेरा फाउंडेशन के सदस्यों, ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
AlsoRead:कोडरमा: जिला यक्ष्मा पदाधिकारी ने स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की
