Bermo: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल स्थित झारखंड सरकार के श्रम,नियोजन,प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग कार्यालय के अंतर्गत बुधवार को गोविंदपुर सी पंचायत सचिवालय परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले (भर्ती शिविर) का आयोजन किया गया. जिला नियोजनालय द्वारा आयोजित इस मेले का संचालन नियोजन पदाधिकारी मो इमरान फारूकी द्वारा किया गया.रोजगार की तलाश में पहुंचे क्षेत्र के बड़ी संख्या में शिक्षित युवक-युवतियों ने इस भर्ती शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न निजी कंपनियों में रोजगार के लिए आवेदन जमा किए.युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले में कुल 12 नामचीन और प्रतिष्ठित कंपनियों ने शिरकत की.इनमें मुख्य रूप से वीई कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड,यशस्वी ग्रुप-अपोलो टायर्स लिमिटेड (गुजरात), धूत ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड (हरियाणा),फोर्जफ्रंट सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड (पटना), शिव फोर्ट एंटरप्राइजेज (महाराष्ट्र) और एसआईएस लिमिटेड सहित कई अन्य कंपनियां शामिल रहीं.
सफल युवाओं को अधिकारियों द्वारा नियुक्ति पत्र दिए गए
इन कंपनियों द्वारा विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों के लिए अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की गहन जांच की गई, जिसके बाद मौके पर ही साक्षात्कार की प्रक्रिया संपन्न कराई गई.चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सफल रहे युवाओं के बीच अधिकारियों द्वारा नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया.इस अवसर पर नियोजन विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित युवाओं को निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के विभिन्न अवसरों व संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी.साथ ही उन्होंने युवाओं को भविष्य में भी आयोजित होने वाले ऐसे रोजगार मेलों का लाभ उठाने और विभागीय नियोजनालय में अपना पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराने के लिए प्रेरित किया.इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में वरीय लिपिक रेणु कुमारी,कंप्यूटर ऑपरेटर रामेश्वर मुर्मू,गणेश कुमार,शालिनी कुमारी सहित नियोजन कार्यालय के अन्य कई कर्मचारियों ने सराहनीय भूमिका निभाई.

ALSO READ: चतरा: जमीन विवाद में हुए हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार


