Ranchi: झारखंड भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता शोभा यादव ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर हेमंत सरकार और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था की कमियों को दूर करने के बजाय अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है.
सरकार ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं?
शोभा यादव ने कहा कि यदि 108 एंबुलेंस सेवा में गंभीर अनियमितताएं थीं और एजेंसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करनी पड़ी, साथ ही अधिकारियों को नोटिस जारी करना पड़ा, तो सवाल यह है कि सरकार ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की पूरी जिम्मेदारी सरकार और स्वास्थ्य मंत्री की होती है.
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में समय पर एंबुलेंस नहीं मिलना, अस्पतालों में संसाधनों की कमी, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की कमी तथा ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं कमजोर होना आज भी बड़ी समस्याएं बनी हुई हैं. ऐसे में जनता को सिर्फ बयान नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं चाहिए.
नई एंबुलेंस की खरीद की समय-सीमा सार्वजनिक करने की मांग
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए, कि 108 एंबुलेंस सेवा कितने समय से प्रभावित थी, इससे कितने लोग प्रभावित हुए और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए क्या स्थायी व्यवस्था की जा रही है. उन्होंने नई एजेंसी के चयन और नई एंबुलेंस की खरीद की समय-सीमा भी सार्वजनिक करने की मांग की.
शोभा यादव ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी हैं. जनता को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि समय पर एंबुलेंस, बेहतर अस्पताल, पर्याप्त दवाइयां और मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था चाहिए.
यह भी पढ़ें: सरायकेला में भव्य रथ यात्रा, “जय जगन्नाथ” के जयकारों से गूंजा पूरा जिला
