Chaibasa: जिला प्रशासन पश्चिमी सिंहभूम द्वारा संचालित “प्रोजेक्ट जागृति” – बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम के तहत 24 जून 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बंदगांव में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा. इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना हैं साथ ही लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना है.
जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता : BDO
प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) भीषम कुमार ने प्रखंडवासियों को इस समाज कल्याण कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान (Blood Donation) महादान है. एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है. उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए. इससे न केवल जरूरतमंदों की सहायता होती है बल्कि समाज में मानवता और सेवा की भावना भी मजबूत होती है.

BDO ने कहा कि जिला प्रशासन के इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, युवा वर्ग एवं आम नागरिक आगे आएं और अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दें.
जिला प्रशासन की लोगों से अपील
उन्होंने बताया कि 24 जून को आयोजित होने वाले इस शिविर में इच्छुक रक्तदाता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बंदगांव पहुंचकर रक्तदान कर सकते हैं. जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस जनहितकारी अभियान का हिस्सा बनें और “रक्तदान करें, जीवन बचाएं” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें.


