Bokaro: जरीडीह थाना क्षेत्र के कल्याणपुर के समीप एनएच-23 पर बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार हाइवा और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग घायल हो गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो लगभग 90 डिग्री घूम गई. प्रत्यक्षदर्शी शाहजहां अंसारी ने बताया कि शाम करीब साढ़े चार बजे जैनामोड़ की ओर से तेज गति से आ रही पीले रंग की हाइवा ने टर्निंग प्वाइंट पर रांची से आ रही स्कॉर्पियो (जेएच 01 बीएन 5338) को अपनी चपेट में ले लिया.
चालक समेत तीन लोग घायल
दुर्घटना में स्कॉर्पियो चालक मुन्ना कुमार, संजीत कुमार और बीच वाली सीट पर सो रहे मनीष कुमार घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जरीडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया. घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है.
बहन को लेने कतरास जा रहे थे घायल
घायल संजीत कुमार ने बताया कि वे तीनों रांची के चिरौंजी क्षेत्र के निवासी हैं. लगभग एक माह पहले उनकी बहन की शादी धनबाद जिले के कतरास में हुई थी. उसे रांची लाने के लिए वे लोग कतरास जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई.घटना की सूचना मिलते ही परिजन रांची से बोकारो के लिए रवाना हो गए.
ALSO READ: फर्जी पुलिसकर्मी बनकर अवैध वसूली करने वाला शातिर चढ़ा पुलिस के हत्थे, देशी कट्टा, वॉकी-टॉकी व नकली आईकार्ड बरामद
