Seraikela : जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत दुग्धा पंचायत के रामजीवनपुर गांव में सरकारी नाले पर सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया है. ग्रामीणों का कहना है कि कुछ अज्ञात लोगों द्वारा सरकार के विकास कार्य को रोकने की साजिश की जा रही है.
सड़क नहीं तो आवागमन कैसे होगा
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में आवागमन का यही एकमात्र रास्ता है. यदि नाले पर सड़क नहीं बनी तो महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानी होगी. गांव की महिलाओं और बच्चों ने भी सड़क निर्माण की मांग करते हुए प्रदर्शन में भाग लिया. एक महिला ग्रामीण ने कहा कि कुछ लोग जो गांव से नहीं हैं और जिनके पूर्वजों ने यहां की जमीन पहले ही बेच दी है, वे दबाव बनाकर प्रशासन से काम रुकवाना चाहते हैं. हमें सड़क चाहिए, तभी हम आ-जा पाएंगे.
वैकल्पिक व्यवस्था की मांग
ग्रामीणों का आरोप है कि दबाव में आकर प्रशासन द्वारा नाले पर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा है. ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि नाले को पूरी तरह बंद कर सड़क बना दी जाएगी तो बरसात में जलजमाव की समस्या होगी. इसलिए उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण के साथ-साथ नाले के पानी की निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की जाए, ताकि लोगों को परेशानी न हो.

मुखिया ने दिया समर्थन
ग्रामीणों के इस प्रदर्शन को दुग्धा पंचायत के मुखिया मोहन बास्के का भी समर्थन मिला है. मुखिया ने कहा कि गांव के विकास के लिए सड़क जरूरी है, लेकिन साथ ही जलनिकासी की व्यवस्था भी बनी रहनी चाहिए. उन्होंने प्रशासन से ग्रामीणों की समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की. फिलहाल ग्रामीण सड़क निर्माण कार्य जारी रखने और नाले के लिए वैकल्पिक निकासी की व्यवस्था करने की मांग पर अड़े हुए हैं.
Also Read : बोकारो: जरीडीह के कल्याणपुर में तेज रफ्तार हाइवा ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, तीन घायल
