Bokaro: फुसरो नगर परिषद के वार्ड संख्या-20 के ढोरी बस्ती (सौतारडीह) स्थित श्री श्याम बाइट फैक्ट्री में शनिवार को भीषण आग लग गई. आग की चपेट में आकर फैक्ट्री की मशीनें, कच्चा माल और गोदाम में रखे सामान जलकर राख हो गया. प्रारम्भिक अनुमान के मुताबिक घटना में करीब ₹27 लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है. मालिक मोनू कुमार निषाद और फैक्ट्री के कर्मचारी घटना के समय मौजूद नहीं थे, इसलिए किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है. हालांकि घटना की पुष्टि के लिए औपचारिक जांच होना बाकी है. सूचना मिलने पर तेनुघाट से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, पर तब तक स्थानीय ग्रामीणों और फैक्ट्री कर्मचारियों ने मिलकर आग पर काबू पा लिया था. मौके पर वार्ड पार्षद विलासी देवी भी पहुंचीं. उन्होंने नुकसान का जायजा लिया.

फैक्ट्री में मखाना रोस्टेड, आलू और केले के चिप्स बनाए जाते हैं
फैक्ट्री में मखाना रोस्टेड, आलू और केले के चिप्स सहित बच्चों के खाने के विभिन्न उत्पाद बनाए जाते है. फिलहाल घटनास्थल पर बाकी बची सामग्री और मशीनों की सूची तैयार की जा रही है. संबंधित पक्ष ने आवश्यक कार्रवाई और बीमा दावों के लिए कदम उठाने की बात कही है. जिले के अग्निशमन और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से जांच की जा रही है.


