Bokaro: उपभोक्ता अधिकारों के लिए समर्पित संगठन अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डीके त्रिवेदी ने बोकारो नगर और बोकारो स्टेशन पर टिकट काउंटर की संख्या घटाने के निर्णय के खिलाफ मंडल रेल प्रबंधक, आद्रा मंडल तथा बोकारो विधायक को पत्र भेजा है. उन्होंने कहा कि काउंटर की कमी और केवल ऑनलाइन टिकट बुकिंग को बढ़ावा देने से समाज के मजबूर, मजदूर और तकनीक से वंचित लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
रेलवे की सुविधाओं में कटौती पर जताई आपत्ति
पत्र में संगठन ने बताया कि देशभर में भारतीय रेल जनता और सरकार दोनों के लिए पारदर्शी, सस्ती और विश्वसनीय परिवहन सेवा है. हालांकि, हाल के निर्णयों से कई सुविधाएं बंद या महंगी की जा रही हैं. संगठन ने बोकारो नगर और बोकारो स्टेशन पर टिकट काउंटर की संख्या घटाए जाने के फैसले पर आपत्ति दर्ज कराई है.
संगठन ने रेलवे के सामने रखीं ये मांगें
डीके त्रिवेदी ने रेलवे द्वारा स्वचालित आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट खिड़कियों की प्रखंडवार व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. साथ ही तत्काल टिकट बुकिंग की विशेष समयावधि में नियमित खिड़कियों के साथ अतिरिक्त टिकट खिड़कियों की प्रखंडवार व्यवस्था करने की मांग की गई है. संगठन ने सभी आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट खिड़कियों पर नकद लेन-देन की सुगम और पर्याप्त व्यवस्था करने की भी मांग की है. इसके अलावा टिकट खिड़की परिसर में टिकट क्रेताओं यानी ग्राहकों के लिए सुलभ प्रसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई है. आद्रा मंडल के सभी स्टेशनों की सलाहकार समितियों में उपभोक्ताओं के हित में काम करने वाले संगठनों के प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है.
समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आगे उठाएंगे कदम
डीके त्रिवेदी ने बोकारो नगर और बोकारो स्टेशन की टिकट खिड़कियों की संख्या घटाने के निर्णय पर पुनर्विचार करने तथा उपरोक्त मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की है. पत्र में चेतावनी देते हुए कहा गया है कि समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन उपभोक्ता हित में आगे के कदम उठाने पर विचार करेगा. बोकारो के यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों ने भी टिकट खिड़कियों में कटौती के फैसले पर चिंता व्यक्त की है. उनका कहना है कि विशेषकर बुजुर्ग, गरीब और तकनीकी रूप से कमज़ोर लोग ऑनलाइन टिकट प्रणाली पर निर्भर नहीं हो सकते. ऐसे में प्रशासन को उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना चाहिए.
सबसे पहले न्यूज वेव ने उठाया था मुद्दा
बता दें कि बोकारो में रेलवे टिकट काउंटर घटाने के मुद्दे को सबसे पहले न्यूज वेव ने प्रमुखता से उठाया था. इसके बाद उपभोक्ता संगठन ने भी इस फैसले के खिलाफ आवाज उठाते हुए रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है.
ALSO READ: चक्रधरपुर: रातभर की बारिश से उफनाया हिरणी जलप्रपात, सैलानियों के झरने के पास जाने पर रोक
