उद्यान विकास योजना के तहत गुमला में किसानों को आधुनिक बागवानी की जानकारी, मिर्च और पपीता क्लस्टर विकास पर जोर

Gumla: परमवीर अल्बर्ट एक्का प्रखंड (जारी) के गोविंदपुर पंचायत अंतर्गत रुद्रपुर और सीसी करमटोली में उद्यान विकास योजना के तहत आमसभाओं का...

Gumla:  परमवीर अल्बर्ट एक्का प्रखंड (जारी) के गोविंदपुर पंचायत अंतर्गत रुद्रपुर और सीसी करमटोली में उद्यान विकास योजना के तहत आमसभाओं का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक बागवानी, वैज्ञानिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई. साथ ही मिर्च और पपीता क्लस्टर के विकास को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई. रुद्रपुर में आयोजित आमसभा की अध्यक्षता जिला परिषद सदस्य दिलीप बड़ाइक ने की. इस दौरान जिला उद्यान पदाधिकारी डॉ. तमन्ना प्रवीण एवं उद्यान तकनीकी विशेषज्ञ दीपक कुमार ने किसानों को उद्यान विकास योजना, फल एवं सब्जी आधारित बागवानी, आधुनिक खेती की तकनीक, सरकारी योजनाओं के लाभ तथा आय बढ़ाने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने किसानों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया.

 

11 हेक्टेयर में मिर्च क्लस्टर का किया गया निरीक्षण

आमसभा के बाद अधिकारियों ने रुद्रपुर स्थित मिर्च क्लस्टर का निरीक्षण किया. यहां 11 हेक्टेयर क्षेत्र में 20 किसानों द्वारा की जा रही मिर्च की खेती का अवलोकन किया गया. निरीक्षण के दौरान फसल की स्थिति का जायजा लेते हुए किसानों को बेहतर उत्पादन और वैज्ञानिक खेती से जुड़े आवश्यक सुझाव दिए गए. निरीक्षण के दौरान डब्ल्यूओटीआर संस्था के कृषि विशेषज्ञ कृष्ण महतो, एनआरएम अभिषेक वत्स, टीम लीडर विकास जोसफ, विजय नौरंगी, बलवंत सिंह सहित संस्था के अन्य कर्मी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे.

सीसी करमटोली में पपीता क्लस्टर विकसित करने की तैयारी

इसके बाद अधिकारियों ने सीसी करमटोली पंचायत में पपीता खेती के लिए प्रस्तावित क्लस्टर क्षेत्र का निरीक्षण किया. बाद में पंचायत भवन में आयोजित आमसभा में किसानों को पपीता क्लस्टर विकास, वैज्ञानिक बागवानी और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई. कार्यक्रम में सीताराम सिंह, बिपिन सिंह, शिवानंद मुंडा, अर्जुन मिंज, पंकज कुजुर, सत्यम सिंह, सतनारायण सिंह, रामकिशोर सिंह, सतीश सिंह और बृजेश सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में उद्यानिकी को बढ़ावा देना, किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करना था.

ALSO READ : हजारीबाग : कटकमदाग अंचल कार्यालय में जनता दरबार, विधायक प्रदीप प्रसाद ने सुनी आमजन की समस्याएं

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *