Bokaro: टेट सफल सहायक अध्यापक संघ के संयोजक सीमांत घोषाल ने आरोप लगाया है कि पारा शिक्षकों की विशेष भर्ती प्रक्रिया में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पूरी तरह पालन नहीं किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि न्यायालय ने शैक्षणिक, प्रशिक्षण और JTET अंकों के आधार पर राज्य स्तरीय मेधा सूची बनाने का निर्देश दिया था, लेकिन विभाग ने भर्ती प्रक्रिया को प्रतियोगी परीक्षा से जोड़ दिया है.
OBC वर्ग को नहीं मिला प्रतिनिधित्व
संघ ने कहा कि JSSC के विज्ञापन में इंटरमीडिएट प्रशिक्षित शिक्षक और स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक (सामाजिक विज्ञान) पदों पर OBC वर्ग के लिए कोई सीट निर्धारित नहीं की गई है, जो आरक्षण व्यवस्था के विपरीत है.
20 हजार से अधिक पद रिक्त होने का दावा
संघ के अनुसार राज्य में 20 हजार से अधिक शिक्षक पद अभी भी रिक्त हैं. उनका कहना है कि विशेष आरक्षण और बैकलॉग पदों को जोड़कर 11 हजार से अधिक पदों पर पारा शिक्षकों की नियुक्ति होनी चाहिए थी, जबकि वर्तमान में केवल 7,304 पदों पर भर्ती की जा रही है.
ALSO READ: Bokaro: बेरोजगारों को रोजगार दिलाने की मांग को लेकर DC कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन
नियुक्ति प्रक्रिया में देरी की आशंका
संघ ने कहा कि SC ने भर्ती प्रक्रिया 16 सप्ताह में पूरी करने का निर्देश दिया था. यदि केवल अंकों के आधार पर मेधा सूची बनाई जाती तो प्रक्रिया समय पर पूरी हो सकती थी, लेकिन प्रतियोगी परीक्षा के कारण नियुक्ति में अनावश्यक विलंब होने की संभावना है.
