Koderma: कोडरमा पुलिस ने घर में चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है. यह मामला 8 जुलाई 2026 का है, जब कोडरमा थाना क्षेत्र के वृन्दा गांव निवासी गुरु प्रसाद साव के घर में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. पीड़ित की शिकायत पर कोडरमा थाना में कांड संख्या 136/26 के तहत मामला दर्ज किया गया था.
जांच टीम का किया गया गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया. तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय सूचना और वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस ने तौफिक अंसारी और मो. आतिफ मंसूरी को गिरफ्तार किया. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली.
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, आर्टिफिशियल जेवर, दो मोबाइल फोन, ₹10,000 नकद, चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार और अन्य सामान बरामद किया. इसके अलावा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल (JH12G 5323) भी जब्त की गई.
पुलिस अधीक्षक ने कहा…
छापेमारी दल में थाना प्रभारी अरविंद कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक धनेश्वर कुमार तथा कोडरमा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए कोडरमा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा.
