Hazaribagh: हजारीबाग जिले के बड़कागांव क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने अपनी पहली बड़ी कार्रवाई करते हुए आधी रात के बाद चार ट्रकों में लदे अवैध कोयले को जब्त किया है. इस कार्रवाई के बाद पूरे कोयला क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. बड़कागांव थाना प्रभारी ने भी कार्रवाई की पुष्टि की है.
कोयला माफियाओं में बढ़ी बेचैनी
सूत्रों के अनुसार, चारों ट्रक अवैध रूप से कोयले की ढुलाई कर रहे थे. CISF की इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन और कोयले की तस्करी से जुड़े नेटवर्क में खलबली मच गई है. लंबे समय से क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार की शिकायतें मिलती रही हैं और समय-समय पर स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस द्वारा भी कार्रवाई की जाती रही है.


नए अधिकार मिलने के बाद पहली बड़ी कार्रवाई
हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा CISF को राष्ट्रीय खनिज संपदा की सुरक्षा के साथ-साथ अवैध खनन और खनिजों की अवैध ढुलाई के मामलों में कार्रवाई करने के नए कानूनी अधिकार दिए गए हैं. इन्हीं अधिकारों के तहत हजारीबाग में यह पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है. स्थानीय लोगो का मानना है कि इस कदम से अवैध खनन और कोयला तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी.
जांच के बाद होंगे आगे के खुलासे
जब्त किए गए ट्रकों, कोयले के स्रोत, परिवहन से जुड़े दस्तावेज और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद यह स्पष्ट होगा कि अवैध कारोबार के पीछे किन लोगों की भूमिका थी और इसमें कौन-कौन शामिल हैं.
क्षेत्र में तेज होगी निगरानी
जानकारी के अनुसार, CISF, स्थानीय पुलिस और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बढ़ाया जा रहा है ताकि अवैध खनन और कोयले की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा सके. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस तरह की और भी बड़ी कार्रवाई देखने को मिल सकती है.


