Khunti: रनिया थाना क्षेत्र के तांबा जंगल के पास मिले राधेश्याम साहू के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में यह मामला सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का निकला. पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. जानकारी के अनुसार 15 जून 2026 को तांबा जंगल के समीप राधेश्याम साहू का शव बरामद हुआ था. घटना के बाद रनिया थाना कांड संख्या-22/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया.
डंडे से हमला कर गला दबाकर की हत्या
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, छापेमारी और पूछताछ के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले. आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि राधेश्याम साहू पर पहले उसके घर के पास डंडे से हमला किया गया और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार हत्या के बाद शव को स्कूटी पर ले जाकर तांबा जंगल के पास फेंका गया और पत्थर से कुचल दिया गया, ताकि मामला सड़क दुर्घटना जैसा लगे. मृतक की स्कूटी भी घटनास्थल के पास इस तरह खड़ी की गई थी कि लोगों को दुर्घटना का आभास हो.
हत्या में प्रयुक्त सामान और मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल डंडा, घटना के दिन पहना गया चप्पल, दो मोबाइल फोन तथा मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया है. आरोपियों के मोबाइल से घटना के दिन के फोटो और वीडियो भी मिले हैं.
तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए
गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मी देवी (40 वर्ष), संदीप मांझी (26 वर्ष) और रविन्द्र मांझी (18 वर्ष) शामिल हैं. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले की आगे की जांच जारी है. मामले के खुलासे में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक मोहन कुमार, थाना प्रभारी श्यामल कुम्हार, कुलदीप रोशन बारी, अशोक कुमार महतो तथा रनिया थाना के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही.



