Ranchi: पद्म भूषण ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर समाहरणालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. समाज सेवा और मानवता के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.

DC-SSP ने रक्तदान कर दी श्रद्धांजलि कार्यक्रम की शुरुआत:
डीसी मंजूनाथ भजन्त्री और एसएसपी राकेश रंजन समेत कई अधिकारियों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और राज्य व समाज के विकास में उनके अमूल्य योगदान को याद किया. इसके पश्चात, समाज में स्वैच्छिक रक्तदान का संदेश देने के उद्देश्य से डीसी मंजूनाथ भजन्त्री, एसएसपी राकेश रंजन और डीडीसी संजय भगत ने स्वयं रक्तदान किया. शिविर में कुल 28 यूनिट रक्त संगृहीत किया गया, जो आपात स्थिति में मरीजों के लिए जीवन रक्षक साबित होगा.

यह भी पढ़ें: 2019 से 2026 तक 36 देशों से 274 अपराधी भारत लाए गए, 17,874 करोड़ की संपत्ति जब्त

रक्तदान महादान, स्वस्थ नागरिक नियमित रक्तदान करें: डीसी
इस अवसर पर जिला डीसी भजन्त्री ने कहा, रक्तदान महादान है. किसी भी व्यक्ति द्वारा दिया गया एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए नया जीवन बन सकता है. समाज के प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को नियमित अंतराल पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि जिले में रक्त की कमी से किसी मरीज की जान न जाए.

सिकल सेल मरीजों ने जताया आभार
शिविर के दौरान सिकल सेल रोग से पीड़ित मरीजों एवं उनके परिजनों ने डीसी मंजूनाथ भजन्त्री को गुलाब का फूल भेंटकर सम्मानित किया और जिला प्रशासन के इस मानवीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया. मरीजों के परिजनों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता बढ़ती है, जिससे सिकल सेल जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर सहायता मिल पाती है.
अधिकारियों व कर्मियों को मिला प्रशस्ति-पत्र
रक्तदान करने वालों में अपर जिला दण्डाधिकारी (नक्सल) सुदर्शन मुर्मू, जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री बादल राज, जिला खेल पदाधिकारी श्री शिवेन्द्र कुमार और सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा रविशंकर मिश्रा सहित कई अधिकारी व कर्मी शामिल थे. जिला प्रशासन द्वारा सभी रक्तदाताओं को उनके सामाजिक योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया.

