Chaibasa: जिले के चक्रधरपुर प्रखंड से एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है. चक्रधरपुर प्रखंड के अंतर्गत आने वाले गुलकेड़ा पंचायत के पूर्व उप मुखिया संजय बोयपाई (44 वर्ष) की अज्ञात अपराधियों ने उनके घर में घुसकर निर्मम हत्या कर दी. अपराधियों ने सोए हुए संजय बोयपाई के सिर में सटाकर गोली मारी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है.

आंगन में सोए थे, तभी पहुंचे बाइक सवार अपराधी
जानकारी के अनुसार, गुईगांव निवासी संजय बोयपाई पेशे से किसान थे और खेती-किसानी के जरिए ही अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. वे क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित व्यक्ति और गुलकेड़ा पंचायत के पूर्व उप मुखिया भी थे. रोज की तरह रविवार की रात को भी वे अपने परिवार के साथ भोजन करने के बाद घर के आंगन में सो रहे थे. तभी रात के करीब 12 बजे अचानक बाइक की आवाज आई. बाइक पर सवार होकर आए 2-3 अज्ञात नकाबपोश अपराधी सीधे उनके घर के आंगन में दाखिल हुए और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए.
ALSO READ: जमशेदपुर: सिरफिरे युवक ने पत्थर से कुचलकर बुजुर्ग महिला की बेरहमी से की हत्या, ग्रामीणों ने पकड़ा
