चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में 19 अप्रैल, रविवार को झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. जिला प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए कमर कस ली है.
27 केंद्र, दो पालियों में परीक्षा
जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को प्रशासन एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. जिले में कुल 27 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इनमें चाईबासा अनुमंडल में 18 और चक्रधरपुर अनुमंडल में 09 केंद्र निर्धारित हैं.
परीक्षा दो पालियों में होगी. प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:00 बजे से 4:00 बजे तक आयोजित की जाएगी. दोनों पालियों को मिलाकर कुल 11,023 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे.
प्रशासन की तैयारी
उपायुक्त ने सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया, कि परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखें. किसी भी तरह की गड़बड़ी या कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू रहेगी.
प्रत्येक केंद्र पर जैमर, सीसीटीवी और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है. अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा. इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे.
यातायात और सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. सभी केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और महिला बल तैनात रहेंगे. कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जाएगी.
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है, कि वे समय से एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचें और अफवाहों से बचें. किसी भी समस्या के लिए कंट्रोल रूम नंबर पर संपर्क कर सकते हैं. प्रशासन का दावा है कि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराई जाएगी.
यह भी पढ़ें: 7 दिन में सड़क नहीं, तो आंदोलन, कालीचामदा के ग्रामीणों ने BDO को ज्ञापन सौंपते हुए दी चेतावनी
