धनबाद: BCCL के क्षेत्र संख्या 9 के अंतर्गत दोबारी कोलियरी के पास अवैध कोयला कारोबारियों के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है. बीसीसीएल (BCCL) के देबारी कोलियरी क्षेत्र में की गई इस छापामारी ने तस्करों के नेटवर्क की कमर तोड़ दी है. CISF की स्पेशल टीम ने मौके से लगभग 30 टन अवैध कोयला जब्त कर तस्करी के एक नए और शातिर ‘शॉर्टकट’ का पर्दाफाश किया है.
ऐसे चलता था ‘शॉर्टकट’ खेल: हाईवा से डंपिंग और पिकअप से सप्लाई
जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि तस्कर बीएनआर (BNR) साइडिंग जाने वाले हाईवा ट्रकों को अपना निशाना बनाते थे. ट्रक चालकों की मिलीभगत से रास्ते में ही कोयला गिरा दिया जाता था (अवैध डंपिंग).
रणनीति: पहले कोयले को एक सुरक्षित स्थान पर स्टॉक किया जाता था.
सप्लाई चेन: स्टॉक पर्याप्त होने पर उसे छोटी पिकअप वैन के जरिए गुप्त मंडियों और भट्टों में भेजने की तैयारी थी.
कार्रवाई: CISF को इस सिंडिकेट की सटीक सूचना मिली, जिसके बाद घेराबंदी कर इस पूरे खेल को नाकाम कर दिया गया.
तस्करों में मची अफरा-तफरी
इस छापेमारी के बाद पूरे कोयलांचल के अवैध संचालकों में दहशत का माहौल है. CISF ने स्पष्ट किया है कि जब्त कोयले को आधिकारिक रूप से बीसीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया है. ”अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ हमारी ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति है. यह कार्रवाई तो महज एक शुरुआत है; आने वाले दिनों में बीसीसीएल के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की सघन छापेमारी जारी रहेगी.”
यह भी पढ़ें: चाईबासा: 19 अप्रैल को JPSC प्रारंभिक परीक्षा, 27 केंद्रों पर 11,023 अभ्यर्थी होंगे शामिल, प्रशासन अलर्ट
