Bermo: अनुमंडल के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीग्राम में सोमवार को 30 वर्षीय पूर्णिमा गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट भेज दिया.प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्णिमा गुप्ता का पूर्व में अपने पहले पति से तलाक हो चुका था. पहले पति से उसका आठ वर्षीय पुत्र शिवम है. करीब तीन माह पूर्व पूर्णिमा ने पड़ोस में रहने वाले बबलू हाड़ी से अंतर्जातीय प्रेम विवाह किया था. दूसरे पति बबलू हाड़ी के अनुसार, उसने पूर्णिमा को फंदे से झूलता हुआ पाया. इसके बाद उसने स्थानीय लोगों और पुलिस को घटना की जानकारी दी.
पिता ने लगाया मारपीट और प्रताड़ना का आरोप
दूसरी ओर, मृतका के पिता बारीग्राम निवासी नरेश गुप्ता ने अपने दामाद बबलू हाड़ी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही बबलू उनकी बेटी के साथ अक्सर मारपीट और प्रताड़ना करता था. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की है.
पुलिस ने पति को हिरासत में लिया
घटना की जानकारी मिलते ही गांधीनगर थाना प्रभारी धनंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. टीम में एसआई सुशील मिश्रा, एएसआई राजेश क्षेत्री और एसआई बिलफ्रेड लकड़ा शामिल थे. पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए. थाना प्रभारी धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पति बबलू हाड़ी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.
ALSO READ : हजारीबाग झील सौंदर्यीकरण के करोड़ों के कार्य में अनियमितता का आरोप, सक्षम पदाधिकारी के नेतृत्व में कमेटी गठित करने की मांग
