Chaibasa: शनिवार रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर पश्चिमी सिंहभूम जिले के टेबो घाटी स्थित प्रसिद्ध हिरणी जलप्रपात पर साफ दिखाई दिया. लगातार वर्षा के कारण जलप्रपात पूरी तरह उफान पर है. पहाड़ी नदियों के भर जाने से करीब 120 फीट की ऊंचाई से गिरता पानी बेहद मनमोहक और रोमांचक दृश्य प्रस्तुत कर रहा है. घने जंगलों और गूंजती वादियों के बीच स्थित हिरणी जलप्रपात इन दिनों अपने पूरे शबाब पर है. झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल इस जलप्रपात को देखने के लिए राज्य के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं. सैलानी प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के साथ-साथ इस अद्भुत नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए. पर्यटन कर्मी नंदलाल पुर्ती ने बताया कि रातभर हुई भारी बारिश के कारण जलप्रपात का जलस्तर काफी बढ़ गया है. सुरक्षा के मद्देनजर झरने के किनारे अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है. हिरणी फॉल परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं तथा किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए पर्यटकों को झरने के निकट जाने से रोक रहे हैं. फिलहाल पर्यटकों को केवल सुरक्षित दूरी से ही जलप्रपात का नजारा देखने की अनुमति दी जा रही है.
यह भी पढ़ें: रांची: CM हेमंत सोरेन का औचक निरीक्षण, शूटिंग रेंज की व्यवस्थाओं का लिया जायजा


प्राकृतिक छटा हुई और आकर्षक
उन्होंने बताया कि मानसून की पहली ही अच्छी बारिश में हिरणी फॉल पूरी तरह लबालब भर गया है, जिससे इसकी प्राकृतिक छटा और भी आकर्षक हो गई है. हालांकि प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और निर्धारित सीमा से आगे न जाएं. नंदलाल पुर्ती ने हिरणी फॉल स्थित पर्यटन गेस्ट हाउस की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि वर्ष 2006-07 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा एवं तत्कालीन पर्यटन मंत्री जोबा मांझी के प्रयास से तीन मंजिला गेस्ट हाउस का निर्माण शुरू किया गया था, लेकिन भवन अधूरा रह जाने के कारण आज तक पर्यटकों को इसका लाभ नहीं मिल सका. वर्तमान में गेस्ट हाउस जर्जर अवस्था में है, जिससे पर्यटकों का वहां ठहरना संभव नहीं है.
गेस्ट हाउस जर्जर
उन्होंने बताया कि गेस्ट हाउस में शौचालय, पेयजल, बिजली, खिड़की-दरवाजे, रंग-रोगन सहित कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है. यदि भवन का जीर्णोद्धार कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो हिरणी जलप्रपात आने वाले पर्यटकों को काफी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.



