Chaibasa : जिला प्रशासन की ओर से संचालित ‘प्रोजेक्ट परख : तैयारी उड़ान की’ के अंतर्गत सभी सरकारी विद्यालयों में आज खेल महोत्सव का आयोजन किया गया. इस दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न आउटडोर एवं इंडोर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. साथ ही चित्रांकन एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित कर बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया. विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन एवं सकारात्मक सोच के विकास के उद्देश्य से प्रेरक चलचित्रों का भी प्रदर्शन किया गया. खेल महोत्सव का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में बच्चों के लिए आनंददायक, प्रेरणादायक एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का निर्माण करना है. जिससे बच्चे नियमित रूप से विद्यालय आएं, पढ़ाई के साथ-साथ खेल, कला एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में भी रुचि लें. उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित किया जा सके.
बच्चों के व्यक्तित्व का विकास जरूरी
इस अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम के डीसी मनीष कुमार ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उपलब्धि तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व का समग्र विकास भी आवश्यक है. खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करता है. ‘प्रोजेक्ट परख : तैयारी उड़ान की’ के माध्यम से जिला प्रशासन प्रत्येक विद्यालय को ऐसा शिक्षण केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां बच्चे खुशी, उत्साह और आत्मविश्वास के साथ सीखें और अपने सपनों को नई उड़ान दें.

ड्रॉपआउट की समस्या होगी कम
डीसी ने कहा कि विद्यालयों में खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों का नियमित आयोजन बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के साथ-साथ ड्रॉपआउट की समस्या को कम करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लक्ष्य को प्राप्त करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. उन्होंने सभी शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन समितियों से बच्चों के लिए प्रेरणादायक एवं नवाचारी गतिविधियों का निरंतर आयोजन सुनिश्चित करने का आह्वान किया. उल्लेखनीय है कि ‘प्रोजेक्ट परख : तैयारी उड़ान की’ के माध्यम से जिले के सरकारी विद्यालयों में नवाचार आधारित शिक्षण, खेल, कला, साहित्य एवं जीवन कौशल आधारित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी को सीखने का बेहतर अवसर मिल सके और उसका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो.
ALSO READ : रांची : हाईकोर्ट ने खारिज की शिवशंकर शर्मा की पीआईएल, कहा -कोर्ट की प्रक्रिया का दुरुपयोग करने की आदत


