Chaibasa: बंदगांव के कराईकेला थाना परिसर में थाना प्रभारी प्यारे हसन के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में स्थानीय लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने और समाज में शांति एवं सुरक्षा कायम रखने का संदेश दिया गया.
पुलिस-जन सहयोग से ही बनेगा सुरक्षित समाज
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी प्यारे हसन ने कहा कि पुलिस जनता की मित्र है और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा तथा विकास बनाए रखने के लिए आम लोगों का सहयोग बेहद जरूरी है. उन्होंने लोगों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत थाना को दें. यदि कोई अनजान व्यक्ति गांव में आता है या उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगती हैं, तो इसकी सूचना भी बिना देर किए पुलिस को दें. उन्होंने लोगों से गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की.

यातायात नियमों के पालन और साइबर ठगी से बचाव पर दिया जोर
थाना प्रभारी ने सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय कभी भी नशे का सेवन न करें. दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें. उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की छोटी-सी अनदेखी भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है. इसके साथ ही उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक, ओटीपी या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें. यदि साइबर ठगी का संदेह हो, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें.
ALSO READ: हजारीबाग: बच्चे के साथ दुर्व्यवहार और जमीन विवाद का आरोप, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर प्रबंधन घिरा
लोगों ने लिया सड़क सुरक्षा और कानून पालन का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने तथा क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का संकल्प लिया. पुलिस ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारियां देने की बात कही.


