Hazaribagh: बड़कागांव थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. आरोपियों के कब्जे से कुल करीब 16 ग्राम ब्राउन शुगर, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और स्मोक लाइटर बरामद किया गया.
मौके पर ही पकड़ लिया गया
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के बाबुपारा स्थित गोन्दलपुरा जाने वाली सड़क के किनारे एक बंद पड़े मकान की चारदीवारी के अंदर कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना के आधार पर सनहा दर्ज कर वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया. इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया. छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को देखते ही चारदीवारी के अंदर मौजूद दो युवक भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया.

आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य कुमार (पिता–मदन दास, रविदास मोहल्ला, बाबुपारा) एवं विपिन कुमार पांडेय (पिता–प्यारेलाल पांडेय, ग्राम बादम), दोनों थाना बड़कागांव, जिला हजारीबाग निवासी के रूप में हुई. तलाशी के दौरान आदित्य कुमार के पास से करीब 12 ग्राम ब्राउन शुगर तथा एक सिल्वर रंग की इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बरामद हुई. वहीं विपिन कुमार के पास से 10 पुड़िया ब्राउन शुगर (करीब 4 ग्राम) और एक ब्लू रंग का स्मोक लाइटर बरामद किया गया.
नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
इस मामले में बड़कागांव थाना कांड संख्या 115/2026, दिनांक 29 जून 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b), 22(b) एवं 27(a) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई. दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद, थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक राकेश खावास, अभिषेक कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
AlsoRead:हजारीबाग में यूनिसेफ की पहल, शिक्षकों को बाल अधिकारों पर दिया गया विशेष प्रशिक्षण


