Click Here
Click Here
Click Here

चाईबासा: अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस 2026 पर खिलाड़ी सम्मान समारोह आयोजित

Chaibasa: अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस–2026 के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन एवं जिला खेल कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में जिला समाहरणालय सभागार,...

West Singhbhum
कार्यक्रम में उपस्थित उपायुक्त व अन्य जनप्रतिनिधि

Chaibasa: अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस–2026 के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन एवं जिला खेल कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में जिला समाहरणालय सभागार, चाईबासा में भव्य खिलाड़ी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल संघों के पदाधिकारियों के योगदान को सम्मानित करना तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना रहा. समारोह में जिले के विभिन्न खेल विधाओं के उन खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पश्चिमी सिंहभूम तथा झारखंड राज्य का गौरव बढ़ाया है.

42 खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

सम्मानित खिलाड़ियों में बॉक्सिंग के 02, फुटबॉल के 01, साइकिलिंग के 01, ताइक्वांडो के 22, योगा के 01 तथा तीरंदाजी के 15 खिलाड़ी शामिल रहे. इस प्रकार कुल 42 खिलाड़ियों को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया. इसके अतिरिक्त पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक संघ द्वारा मान्यता प्राप्त विभिन्न खेल संघों के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रशिक्षकों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया.

अतिथियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की

कार्यक्रम में मुख्य रूप से मझगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीरल पूर्ति, जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोनाराम सिंकु, मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी, उपायुक्त मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, नगर परिषद चाईबासा सह जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नितिन प्रकाश, जिला खेल पदाधिकारी मरकस हेम्ब्रम तथा जिला ओलंपिक संघ के महासचिव अजय कुमार नायक उपस्थित रहे. इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल संघों के पदाधिकारियों को मोमेंटो, स्मृति चिह्न, टी-शर्ट एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया. समारोह के दौरान खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए अतिथियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया.

खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन शैली का आधार

अपने संबोधन में जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने कहा, कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ जीवन शैली का आधार है. उन्होंने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं. आने वाले समय में जिले के अधिकाधिक खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, खेल संसाधन एवं अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे.

उपायुक्त मनीष कुमार ने अपने संबोधन में कहा, कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस हमें खेलों की मूल भावना उत्कृष्टता, मित्रता और सम्मान को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है. उन्होंने सम्मानित खिलाड़ियों से अपेक्षा व्यक्त की, कि वे अपनी उपलब्धियों से जिले के अन्य युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेंगे तथा खेल संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाने में योगदान देंगे.

जिला ओलंपिक संघ एवं विभिन्न खेल संघों की भी की गई सराहना

कार्यक्रम के दौरान जिला ओलंपिक संघ एवं विभिन्न खेल संघों की भूमिका की भी सराहना की गई, जिनके सतत प्रयासों से जिले में खेल गतिविधियों का विस्तार हो रहा है तथा नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है. समारोह के सफल आयोजन में जिला खेल कार्यालय के सभी कर्मियों, विभिन्न खेलों के प्रशिक्षकों, खेल संघों के अध्यक्षों एवं सचिवों, जिला ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों तथा तकनीकी अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. कार्यक्रम का समापन खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन एवं खेलों के माध्यम से जिले को नई पहचान दिलाने और जिले को नशामुक्त जिला बनाने के संकल्प के साथ हुआ.

यह भी पढ़ें: चाईबासा: एसीसी झींकपानी प्लांट का प्रशासनिक अधिकारियों ने किया निरीक्षण, श्रमिकों में जगी उम्मीद

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *