SIR-2026 में चक्रधरपुर विधानसभा ने रचा इतिहास, 100% डिजिटाइजेशन करने वाली झारखंड की पहली विधानसभा बनी

Chakradharpur: विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत विधानसभा संख्या-56 चक्रधरपुर ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए झारखंड की पहली विधानसभा बनने का...

Chakradharpur Assembly
बीएलओ के साथ काम करतीं निर्वाची पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी

Chakradharpur: विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत विधानसभा संख्या-56 चक्रधरपुर ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए झारखंड की पहली विधानसभा बनने का गौरव प्राप्त किया है, जहां गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया. यह उपलब्धि 22 जुलाई 2026 को निर्धारित समय से पहले हासिल की गई, जिसके बाद पूरे विधानसभा क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
इस उल्लेखनीय सफलता पर चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव ने पूरी प्रशासनिक टीम, निर्वाचन विभाग एवं अभियान से जुड़े सभी कर्मियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.

झारखंड में प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय- सुखराम उरांव

अपने बधाई संदेश में विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि चक्रधरपुर विधानसभा का पूरे झारखंड में प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने कहा कि समय से पहले शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन जैसे चुनौतीपूर्ण कार्य को पूरा करना प्रशासनिक दक्षता, बेहतर समन्वय और जमीनी स्तर पर कार्यरत कर्मियों की अथक मेहनत का परिणाम है. उन्होंने इस सफलता का श्रेय पोड़ाहाट-चक्रधरपुर की अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी के कुशल नेतृत्व एवं प्रभावी मार्गदर्शन को दिया. साथ ही सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सभी सुपरवाइजरों, बूथ लेवल ऑफिसरों, स्वयंसेवी शिक्षकों, बीएलए-2 तथा अभियान से जुड़े प्रत्येक कर्मी की निष्ठा और समर्पण की सराहना की.

विधायक ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार एक सटीक और पारदर्शी मतदाता सूची होती है. चक्रधरपुर की टीम ने इस जिम्मेदारी का उत्कृष्ट निर्वहन करते हुए पूरे राज्य के लिए एक आदर्श प्रस्तुत किया है. उन्होंने विश्वास जताया कि यही टीम भविष्य में भी इसी समर्पण और ऊर्जा के साथ कार्य करते हुए क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन करती रहेगी.

अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मियों का SDO ने किया आभार व्यक्त

इधर, चक्रधरपुर विधानसभा की निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मियों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है. उन्होंने विशेष रूप से सभी सुपरवाइजरों, बीएलओ, बीएलए-2, स्वयंसेवी शिक्षकों, डेटा एंट्री ऑपरेटरों तथा अन्य सहयोगी कर्मियों की सराहना करते हुए कहा, कि सभी ने दिन-रात मेहनत कर लक्ष्य को समय से पहले पूरा किया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता का सही विवरण डिजिटाइज करना अत्यंत जिम्मेदारी का कार्य था, जिसे पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ संपन्न किया गया.

चक्रधरपुर विधानसभा की यह उपलब्धि राज्य के अन्य विधानसभा क्षेत्रों के लिए बनेगी प्रेरणास्रोत 

एसडीओ ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का सही ढंग से उपयोग कर सके. उन्होंने उम्मीद जताई कि चक्रधरपुर विधानसभा की यह उपलब्धि राज्य के अन्य विधानसभा क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी. इस ऐतिहासिक सफलता के साथ चक्रधरपुर विधानसभा ने न केवल झारखंड में अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया है, बल्कि यह भी साबित कर दिया है कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और जमीनी स्तर के कर्मियों के समन्वित प्रयास से कठिन से कठिन लक्ष्य भी निर्धारित समय से पहले हासिल किए जा सकते हैं.

यह भी पढ़ें: खूंटी: मुरहू में युवक की हत्या का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *