Jamshedpur: जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात तड़ीपार अपराधी और कथित ड्रग्स पैडलर मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ समेत उसके गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने हत्या की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं.
सिटी SP ललित मीणा ने बताया कि 21 जुलाई को एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि गरीब नवाज कॉलोनी के पास खरकई नदी पर बने रेलवे पुल के नीचे खुर्शीद अपने साथियों के साथ कुख्यात अपराधी मो. निजाम की हत्या की योजना बना रहा है. सूचना पर एसपी नगर के निर्देश पर डीएसपी विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में विशेष टीम बनाकर छापेमारी की गई. छापेमारी में रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़, मो. शहजादा, मो. इकबाल, अरसील शेख उर्फ अस्तर और मो. रिजवान उर्फ कैफ को गिरफ्तार किया गया. शहजादा के पास से एक देसी पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए.
निशानदेही पर हथियार बरामद, पांच अन्य भी पकड़े गए
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर ईदगाह मैदान के पास से पांच और लोगों को हिरासत में लिया गया. इनमें मो. फैसल उर्फ अरमान, आफताब खान उर्फ गिड्डुआ बच्चा, मो. अरबाज खान, मो. सितारे और एक नाबालिग शामिल हैं. उनकी निशानदेही पर शिव घाट स्थित रिसाइक्लिंग प्लांट के पास से एक और देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए. वहीं पटनहिया मोहल्ला मैदान के किनारे से एक जिंदा गोली और एक फायर किया हुआ खोखा भी मिला. पुलिस के मुताबिक यहीं 19 जुलाई को फायरिंग की गई थी.
पूछताछ में खुर्शीद ने बताया कि वह ड्रग्स तस्करी करता है और पहले निजाम का साथी था. ब्राउन शुगर के कारोबार में 15-16 लाख रुपये के लेनदेन और निजी विवाद के कारण वह हत्या की साजिश रच रहा था. खुर्शीद के जेल जाने के दौरान उसकी प्रेमिका निखत परवीन उर्फ पूजा ने निजाम से शादी कर ली थी, जिससे दुश्मनी और बढ़ गई.
JCCA के तहत अलग मामला दर्ज, अन्य सदस्यों की तलाश जारी
शहजादा ने भी बताया कि निजी रंजिश के कारण वह गिरोह से जुड़ा और हथियार खरीदने में मदद की. इस मामले में जुगसलाई थाना में कांड संख्या 56/2026 के तहत BNS और आर्म्स एक्ट में FIR दर्ज की गई है. जिला बदर होने के बाद भी जिले में प्रवेश कर अपराध करने के आरोप में खुर्शीद के खिलाफ JCCA के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार खुर्शीद के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट और चोरी समेत कई संगीन मामले पहले से दर्ज हैं. गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है.
ALSO READ: चक्रधरपुर: ग्रामीणों की शिकायत पर बड़ा एक्शन, डस्ट से बनी स्कूल भवन की दीवार तुड़वाई गई
