Chatra: चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के जजलो गांव स्थित बंद पत्थर खदान से 26 जून को बरामद युवती दिव्या कुमारी के शव मामले में चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने हत्या के मुख्य अभियुक्त और दिव्या के प्रेमी राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया है. मामले को लेकर SDPO सन्नी वर्धन ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, कि राहुल गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के कुबड़ी गांव का रहने वाला है. पुलिस ने उसे शेरघाटी इलाके से गिरफ्तार किया. इस मामले में पहले ही हत्या को अंजाम देने वाले आरोपी नेपाली गंझू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. पुलिस जांच में सामने आया कि दिव्या कुमारी और राहुल यादव के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था. इस दौरान राहुल ने शादी का झांसा देकर दिव्या के साथ संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से साफ इंकार कर दिया. इसके बाद दिव्या ने राहुल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कराया था. यह मामला न्यायालय में विचाराधीन था.
केस वापस लेने का बना रहा था दबाव
जांच में यह भी सामने आया कि राहुल लगातार दिव्या पर दर्ज मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था. हालांकि, दिव्या किसी भी कीमत पर केस वापस लेने को तैयार नहीं थी. इसी बीच न्यायालय में दिव्या का बयान होने वाला था. राहुल को आशंका था कि यदि दिव्या अदालत में उसके खिलाफ बयान दे देती है, तो उसे सजा हो सकती है.
दो लाख की सुपारी देकर रची हत्या की साजिश
सजा से बचने के लिए राहुल यादव ने दिव्या की हत्या की साजिश रची. पुलिस के अनुसार राहुल ने गया जिले के बांके बाजार थाना क्षेत्र के खरांटी गांव निवासी ओझा नेपाली गंझू को दो लाख रुपये की सुपारी देकर दिव्या की हत्या कराने की योजना बनाई. नेपाली ने राहुल से पैसे लेने के बाद जादू टोना से दिव्या को भस्म करने का आश्वासन दिया था. लेकिन जब जादू टोना काम नहीं आया, तो उसने राहुल के साथ मिलकर दिव्या का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. योजना के तहत दिव्या की हत्या कर शव को जजलो गांव स्थित बंद पत्थर खदान में फेंक दिया गया, ताकि घटना को दुर्घटना या अज्ञात हत्या का रूप दिया जा सके.
गौरतलब है कि घटना के खुलासे के दौरान पुलिस ने पहले नेपाली गंझू को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हुआ. इसके बाद मुख्य साजिशकर्ता राहुल यादव की तलाश शुरू की गई. लगातार छापेमारी के बाद आखिरकार चतरा पुलिस ने उसे शेरघाटी से गिरफ्तार कर लिया. अभियान मे हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार समेत जवान शामिल थे.
यह भी पढ़ें: जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण को लेकर रांची में मंथन, अलग बजट और झारखंडी भाषा अकादमी की उठी मांग
