EXCLUSIVE: ​1 करोड़ की लग्जरी कार, हवाई सफर और ‘रॉबिनहुड’ की क्राइम डायरी, रांची के अशोक नगर चोरी कांड में बिहार के हाई-टेक सुपरचोर इरफान की एंट्री

कुख्यात चोर की पत्नी-प्रेमिका सहित कई गिरफ्तार भारी मात्रा में कैश और जेवरात बरामद शातिर चोर पुलिस की पकड़ से दूर  ...

Ashok Nagar burglary case
इरफान उर्फ उजाले व उसकी पत्नी की फाइल फोटो
  • कुख्यात चोर की पत्नी-प्रेमिका सहित कई गिरफ्तार
  • भारी मात्रा में कैश और जेवरात बरामद
  • शातिर चोर पुलिस की पकड़ से दूर

 

Ranchi: अशोक नगर स्थित चर्चित बिल्डर अखिलेश पांडेय के आवास पर हुई करोड़ों रुपये की चोरी अब महज एक साधारण वारदात नहीं रह गई है. रांची पुलिस की विशेष जांच टीम जैसे-जैसे मामले की कड़ियां जोड़ रही है, वैसे-वैसे इसमें बेहद चौंकाने वाले और सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं. जांच के तार अब सीधे बिहार के सीतामढ़ी से जुड़े उस अंतरराज्यीय कुख्यात चोर से जुड़ रहे हैं, जिसने कभी जगुआर, ऑडी और मर्सिडीज जैसी 1 करोड़ से अधिक कीमत की गाड़ियों में घूमकर, तो कभी हवाई जहाज से सफर कर देश के कई राज्यों में VIP बंगलों को निशाना बनाया है.

पुलिस के हाथ लगे लाखों रुपये नकद और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात  

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना के करीबी नेटवर्क पर शिकंजा कस दिया है. सूत्रों के अनुसार, मास्टरमाइंड की पत्नी, उसकी कथित प्रेमिका सहित अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है. पकड़े गए सहयोगियों की निशानदेही पर पुलिस के हाथ लाखों रुपये नकद और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात भी लगे हैं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए सभी सहयोगी चोरी के माल को ठिकाने लगाने, पैसों को छिपाने और वारदात के बाद मुख्य आरोपी को सेफ पैसेज देने में शामिल थे. हालांकि, मुख्य सरगना और उसके सहयोगी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और उसकी तलाश में बिहार, बंगाल, दिल्ली, यूपी और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में छापेमारी चल रही है.

​अपराध की दुनिया में ‘मो. इरफान उर्फ उजाले’ के नाम से मशहूर

यह शातिर चोर मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले के पुपरी अनुमंडल स्थित गाढ़ा जोगिया गांव का रहने वाला मोहम्मद इरफान उर्फ उजाले है. इरफान का बचपन बेहद तंगहाली में बीता था. उसके पिता मजदूरी करते थे और पूरा परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा था. लेकिन अपराध की राह पर कदम रखते ही उसकी किस्मत बदल गई और वह कुछ ही वर्षों में करोड़ों की संपत्ति, लग्जरी गाड़ियों और आलीशान लाइफस्टाइल का मालिक बन बैठा. अपनी पहचान छिपाने और किसी को शक न होने देने के लिए वह VIP इलाकों में जगुआर, BMW और मर्सिडीज जैसी महंगी कारों से पहुंचता था. कई मामलों में वह फ्लाइट से सफर कर अलग-अलग राज्यों में वारदात को अंजाम देकर गायब हो जाता था. ​

देशभर में 100 से ज्यादा हाई-प्रोफाइल चोरियों के मामले दर्ज

इरफान उर्फ उजाले की काम करने की शैली बाकी अपराधियों से बिल्कुल अलग और चौंकाने वाली रही है. पिछली गिरफ्तारी के बाद जो खुलासा हुआ था, उसके अनुसार वह कभी हथियार साथ नहीं रखता था. वह सिर्फ एक पेचकस और वायर-कटर जेब में रखकर इलाके की रेकी करता था. रात के अंधेरे में घर में घुसने के बाद वह जूते-चप्पल उतारकर नंगे पैर दाखिल होता था, ताकि चलने की आहट न हो. महज 10 से 15 मिनट के भीतर वह करोड़ों के ताले तोड़कर नकदी और जेवर समेट लेता था. दिल्ली, यूपी, पंजाब, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और बिहार समेत 20 से अधिक राज्यों की पुलिस के लिए वह लंबे समय से सिरदर्द बना रहा है. उस पर देशभर में 100 से ज्यादा हाई-प्रोफाइल चोरियों के मामले दर्ज हैं.

गांव में बना रखी थी ‘रॉबिनहुड’ की छवि

​दिलचस्प बात यह है कि अपने आपराधिक कारनामों के बावजूद उसने अपने गांव में ‘रॉबिनहुड’ की छवि बना रखी थी. चोरी के पैसों से उसने अपने और आसपास के गांवों में सड़कें बनवाईं, गरीब बेटियों की शादियां कराईं, जरूरतमंदों का इलाज कराया और मुफ्त मेडिकल कैंप आयोजित किए. इसी पैसे और रसूख के दम पर उसने स्थानीय राजनीति में कदम रखा और उसकी पत्नी गुलशन परवीन सीतामढ़ी से जिला परिषद सदस्य का चुनाव भी जीत चुकी है. वह कई बार गिरफ्तार भी हुआ. वर्ष 2021 में गाजियाबाद पुलिस, 2023 में पुणे पुलिस द्वारा पंजाब के जालंधर से और 2024 में केरल पुलिस द्वारा उसकी गिरफ्तारी सुर्खियों में रही थी. हालांकि, हर बार जमानत पर बाहर आते ही वह नई वारदात को अंजाम देने लगता था.

पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क के वित्तीय लेन-देन और मददगारों की जांच में जुटी पुलिस 

​फिलहाल रांची पुलिस इस पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क के वित्तीय लेन-देन और मददगारों की जांच में जुटी हुई है. हिरासत में लिए गए लोगों और बरामद सामान को लेकर रांची पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा खुलासा कर सकती है. वहीं पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मुख्य मास्टरमाइंड इरफान उर्फ उजाले और उसके सहयोगी की गिरफ्तारी के बाद देश के अन्य राज्यों में हुई कई अनसुलझी हाई-प्रोफाइल चोरियों से भी पर्दा उठना तय माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें: जमशेदपुर: पुलिस की कार्रवाई में ड्रग्स तस्कर खुर्शीद उर्फ भाकुड़ समेत 10 गिरफ्तार, हत्या की साजिश नाकाम

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *