Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर में 17 मई को उजागर हुए मानव तस्करी मामले में पुलिस ने तीन और स्थानीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही इस अंतरराज्यीय गिरोह में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है. गिरफ्तार आरोपियों पर ग्रामीणों को पैसे का लालच देकर मजदूरी के नाम पर बाहर भेजने का आरोप है. पूछताछ के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
बाल कल्याण समिति के निर्देश पर काउंसलिंग के लिए चाइल्डलाइन को सौंपे गए बच्चें
गौरतलब है कि 17 मई को चक्रधरपुर के एक होटल में छापेमारी कर पुलिस ने 30 महिला-पुरुष मजदूरों और 6 नाबालिग बच्चों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया था. सभी को बंधुआ मजदूरी के लिए गुजरात ले जाने की तैयारी थी. इस मामले में पहले ही गुजरात के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. मुक्त कराए गए बच्चों को बाल कल्याण समिति के निर्देश पर काउंसलिंग के लिए चाइल्डलाइन को सौंपा गया है.
