Chakardharpur: सिख धर्म के पांचवें गुरु गुरु अर्जन देव जी के शहादत दिवस के अवसर पर चक्रधरपुर स्थित पवन चौक में गुरु सिंह सभा कमेटी की ओर से राहगीरों के बीच शरबत और चना का वितरण किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग शामिल हुए और सेवा भाव के साथ लोगों को प्रसाद स्वरूप शरबत एवं चना वितरित किया.

हर वर्ष आयोजित होता है सेवा कार्यक्रम
कमेटी के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष गुरु अर्जन देव जी की शहादत की स्मृति में यह सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जाता है. गर्मी के मौसम में लोगों को राहत पहुंचाने और मानव सेवा के संदेश को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से शरबत और चना वितरण किया जाता है.
श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया शहीदी पर्व
उन्होंने कहा कि सिखों के पांचवें गुरु एवं शहीदी के सरताज गुरु अर्जन देव के शहीदी पर्व को श्रद्धा, सम्मान और उल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर समुदाय के लोगों ने अपने गुरु के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सेवा और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा कमेटी के कई सदस्य मौजूद रहे और व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली. पवन चौक से गुजरने वाले लोगों ने भी इस सेवा कार्य की सराहना की और शरबत-चना ग्रहण कर आयोजन में सहभागिता निभाई.



