Chatra: अफीम तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब के नेतृत्व में गठित गिद्धौर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 709 ग्राम प्रतिबंधित अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया.
बाइक और मोबाइल भी किए गए जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा साइन मोटरसाइकिल और विभिन्न कंपनियों के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. दोनों के खिलाफ गिद्धौर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
चौपारण के रास्ते ले जाई जा रही थी अफीम की खेप
सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी चतरा सदर थाना क्षेत्र के उंटा गांव के निवासी हैं. उनकी पहचान दयानंद कुमार और रामप्रवेश कुमार के रूप में हुई है. दोनों अफीम की खेप लेकर चौपारण की ओर जा रहे थे. पुलिस को आशंका है कि हाईवे के रास्ते इसे दूसरे राज्य में भेजने की तैयारी थी.
बेलगाछ के पास दबोचे गए तस्कर
पुलिस ने चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग पर गिद्धौर थाना क्षेत्र के बेलगाछ के समीप वाहन जांच के दौरान दोनों तस्करों को गिरफ्तार किया. छापेमारी दल में गिद्धौर के प्रखंड विकास पदाधिकारी राहुल देव, थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
अफीम तस्करों के नेटवर्क पर पुलिस की नजर
एसडीपीओ ने कहा कि लगातार कार्रवाई के बावजूद जिले में सक्रिय तस्कर नए-नए तरीकों से मादक पदार्थों की तस्करी करने की कोशिश कर रहे हैं. पुलिस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान चला रही है और मुख्य तस्करों से लेकर सप्लायर व कुरियर तक सभी की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
लोगों से सहयोग की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी अफीम या अन्य मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके.
ALSO READ:गुमला: दम तोड़ रही 108 एंबुलेंस सेवा! 17 में सिर्फ 4 चलने लायक, मरीजों की सांसें अटकीं
