Chatra: समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त रवि आनंद ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आमजनों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
भूमि विवाद से लेकर पेंशन और राशन तक पहुंचे कई मामले
जनता दरबार में भूमि विवाद, आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, मंईयां सम्मान योजना, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए. उपायुक्त ने सभी मामलों की क्रमवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को त्वरित और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए.
आवेदनों की नियमित समीक्षा के निर्देश
उपायुक्त ने जनशिकायत कोषांग के नोडल पदाधिकारी रितेश कुमार को जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों का विधिवत पंजीकरण कर संबंधित विभागों को अग्रसारित करने तथा उनके निष्पादन की नियमित समीक्षा और अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बुजुर्ग की राशन समस्या का मौके पर हुआ समाधान
जनता दरबार के दौरान पत्थलगड्डा प्रखंड के बरवाडीह निवासी करीब 63 वर्षीय मोहम्मद अब्दुल रौफ ने बताया कि राशन कार्ड होने के बावजूद उन्हें राशन नहीं मिल रहा है. मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने जिला आपूर्ति विभाग को तत्काल जांच का निर्देश दिया. जांच में पता चला कि लाभुक का e-KYC लंबित होने के कारण राशन वितरण बाधित था. इसके बाद मौके पर ही उनका e-KYC पूरा कराया गया और समस्या का तत्काल समाधान कर दिया गया.समस्या के त्वरित समाधान पर मोहम्मद अब्दुल रौफ ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया.

ALSO READ: NEET मुद्दे पर आंदोलन को राजद का समर्थन, केंद्र सरकार पर साधा निशाना
