Lohardaga: जिला के किस्को प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय मैदान में आगामी 30 मई को छोटानागपुर बॉक्साइड एंड कोल वर्कर्स यूनियन (इंटक) का भव्य महाधिवेशन आयोजित किया जाएगा. इस महाधिवेशन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में मजदूरों, यूनियन कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है.
यूनियन पदाधिकारियों का दावा है कि इस महाधिवेशन में राज्य के विभिन्न जिलों और खनन क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मजदूरों की भागीदारी होगी, जिससे यह कार्यक्रम क्षेत्र के श्रमिक आंदोलन के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज हो सकता है.

व्यापक स्तर पर चल रही तैयारियां
यूनियन के पदाधिकारियों के अनुसार महाधिवेशन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं. कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, मंच निर्माण, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था एवं आने वाले मजदूरों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का कार्य तेजी से चल रहा है. विभिन्न प्रखंडों और खनन क्षेत्रों में यूनियन के कार्यकर्ता लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं तथा मजदूरों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं.
Also Read: भाई की साली से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, हाई वोल्टेज ड्रामा
मजदूर एकता को मिलेगा नया मंच
इंटक के अध्यक्ष निशीथ जायसवाल ने कहा कि यह महाधिवेशन केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मजदूरों की एकता, अधिकार और सम्मान की लड़ाई को मजबूती देने का मंच होगा. उन्होंने कहा कि लोहरदगा की धरती ने हमेशा श्रमिक संघर्षों को नई दिशा दी है और इस बार भी मजदूरों की एकजुटता एक नया इतिहास रचेगी. उन्होंने कहा कि आज के दौर में मजदूरों के अधिकारों, रोजगार सुरक्षा, उचित मजदूरी और सामाजिक सुरक्षा जैसे मुद्दे बेहद महत्वपूर्ण हैं, जिन पर गंभीर चर्चा की आवश्यकता है.
मजदूर हितों पर होगी चर्चा
निशीथ जायसवाल ने बताया कि कार्यक्रम इंटक के महासचिव धीरज प्रसाद साहू की अगुवाई में आयोजित किया जा रहा है. उनके नेतृत्व में संगठन लगातार मजदूर हितों से जुड़े मुद्दों को उठाता रहा है. महाधिवेशन में मजदूरों की समस्याओं, खनन क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों की स्थिति, रोजगार सुरक्षा, वेतन, श्रमिक कल्याण योजनाओं और संगठन की आगामी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी. साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा मजदूरों की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए जा सकते हैं.
गांव-गांव चल रहा जनसंपर्क अभियान
कार्यक्रम को लेकर यूनियन कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है. गांव-गांव और खदान क्षेत्रों में बैठकों का आयोजन कर मजदूरों को महाधिवेशन में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. संगठन का मानना है कि यह आयोजन न सिर्फ लोहरदगा, बल्कि पूरे छोटानागपुर क्षेत्र के श्रमिक आंदोलन को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगा. अब सभी की निगाहें 30 मई को होने वाले इस बहुप्रतीक्षित महाधिवेशन पर टिकी हुई हैं, जहां मजदूरों की बड़ी भागीदारी देखने को मिल सकती है.
इस बैठक में सोहराब अंसारी, एकरामूल अंसारी, अंबर कुमार, ऐनुल अंसारी, विशाल डुंगडुंग, रौनक इकबाल, शिवा उरांव, बुधवा उरांव, एतवा उरांव, प्रभात टोप्पो, परशुराम थापा आदि कार्यकर्ता मौजूद थे.
