उत्क्रमित मध्य विद्यालय हेदलाग में मिड डे मील का बच्चों ने किया बहिष्कार, घंटों चला हंगामा

Hazaribagh: कटकमसांडी प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय हेदलाग में शनिवार को मध्यान भोजन को लेकर जमकर हंगामा हुआ. विद्यालय के बच्चों...

Hazaribagh: कटकमसांडी प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय हेदलाग में शनिवार को मध्यान भोजन को लेकर जमकर हंगामा हुआ. विद्यालय के बच्चों ने मिड डे मील खाने से साफ इनकार कर दिया और रसोईया के व्यवहार के खिलाफ विरोध जताया. विधालय के बच्चों का आरोप था कि रसोईया आए दिन उनके साथ अभद्र व्यवहार करती है और छोटी-छोटी बातों पर गाली-गलौज करती है. मामले की जानकारी मिलते ही पंचायत समिति सदस्य अंजू बाला देवी, सीआरपी ओमप्रकाश कुमार तथा मुखिया पति अशोक राणा, विद्यालय पहुंचे और बच्चों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक बच्चे भोजन करने को तैयार नहीं हुए.

शिकायत करने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं 

विधालय के बच्चों ने आरोप लगाया कि रसोईया का व्यवहार लंबे समय से ठीक नहीं है. कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ. छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में दाल, आलू, टमाटर समेत अन्य खाद्य सामग्री की चोरी की शिकायत भी सामने आई थी, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इससे बच्चों और अभिभावकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. विद्यालय की प्रभारी शिक्षिका हेमवंती कुमारी ने बताया कि रसोईया को कई बार मौखिक और लिखित रूप से चेतावनी दी जा चुकी है. बावजूद इसके उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया. उन्होंने कहा कि एक दिन पूर्व भी पंचायत समिति सदस्य अंजू बाला देवी ने रसोईया को समझाते हुए हिदायत दी थी, लेकिन उसने बातों को गंभीरता से नहीं लिया. उत्क्रमित मध्य विद्यालय हेदलाग के प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में विभागीय अधिकारियों को भी सूचना दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने के कारण रसोईया का मनोबल लगातार बढ़ता गया.

बच्चों के साथ दुर्व्यवहार से पढ़ाई प्रभावित 

घटना के दौरान विद्यालय परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. बच्चों की नाराजगी को देखते हुए पंचायत समिति सदस्य अंजू बाला देवी, मुखिया पति अशोक राणा, और वार्ड सदस्य गणेश यादव ग्रामीणों ने मामले को गंभीर बताया. पंचायत समिति सदस्य ने कहा कि विद्यालय में बच्चों को बेहतर वातावरण और सम्मान मिलना चाहिए. यदि बच्चों के साथ दुर्व्यवहार होगा तो इसका असर उनकी पढ़ाई और मानसिक स्थिति पर पड़ेगा. मौके पर पहुंचे मुखिया पति अशोक राणा ने कहा कि फिलहाल एक रसोईया से स्पष्टीकरण मांगा गया है. आगामी बैठक में पूरे मामले की समीक्षा कर उचित कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि बच्चों की शिकायतों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और विद्यालय में अनुशासन एवं गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

अभिभावकों में आक्रोश 

इधर, घटना के बाद अभिभावकों में भी आक्रोश देखा गया. ग्रामीणों ने मांग की कि विद्यालय में मध्यान भोजन व्यवस्था की नियमित जांच हो तथा बच्चों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो.

AlsoRead:शाहपुर फायरिंग मामले में पुलिस ने सैफ खलीफा को किया गिरफ्तार, जांच जारी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *